Henry Nicholls के 175 रन से New Zealand ने बनाए 368 रन, भारत का स्कोर 16/0

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026

हेनरी निकोल्स की नाबाद 175 रन की पारी की मदद से न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में अपनी पहली पारी में 368 रन का मजबूत स्कोर बनाए, जिसके जवाब में भारत ने दूसरे दिन शुक्रवार को यहां चाय के विश्राम तक अपनी पहली पारी में बिना किसी नुकसान के 16 रन बनाए। भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (नाबाद 05) और यशस्वी जायसवाल (नाबाद 11) ने कुछ मुश्किल क्षणों का सामना किया लेकिन विकेट नहीं गिरने दिया। भारत ने अपना पहला रन पांचवें ओवर में बनाया जब जायसवाल का कवर ड्राइव शॉट वाइड थर्ड स्लिप के ऊपर से निकलकर चौके के लिए चला गया।

राहुल का भाग्य ने साथ दिया क्योंकि वह काइल जैमीसन की गेंद पर डीआरएस अपील से बच गए, जबकि मैट हेनरी ने उन्हें बिल्कुल सामने गेंद फेंकी थी, लेकिन न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने समीक्षा न लेने का फैसला किया। मैच के पहले छह सत्र हालांकि न्यूजीलैंड और विशेष रूप से निकोल्स के नाम रहे, जिन्होंने अपनी सर्वश्रेष्ठ टेस्ट पारी खेलते हुए लगभग 10 घंटे तक बल्लेबाजी की और 335 गेंदों का सामना करते हुए 21 चौके लगाए। न्यूजीलैंड की टीम ने पहले दिन 70 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद निकोल्स ने ग्लेन फिलिप्स (216 गेंदों पर 118 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 216 रन की साझेदारी की। पिच से हालांकि बल्लेबाजों को मदद मिल रही थी। भारत की तरफ से मुख्य रूप से दो गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह (29 ओवर में 92 रन देखकर चार विकेट) और आकाश दीप (23 ओवर में 53 रन देकर तीन विकेट) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रसिद्ध कृष्णा महंगे साबित हुए। उन्होंने 26 ओवर में 100 रन देकर एक विकेट लिया। भारतीय टीम प्रबंधन ने प्रसिद्ध की तरह अंशुल कंबोज पर भी भरोसा दिखाया जिन्होंने 23 ओवर में 69 रन देकर दो विकेट लिए।

इन दोनों की गेंदबाजी में हालांकि पैनापन नहीं दिखा। इससे पहले न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पांच विकेट पर 243 रन से आगे बढ़ाई। निकोल्स ने अपने जाने-पहचाने अंदाज में बल्लेबाजी की।

उन्होंने बाहर जाती गेंदों को छोड़ा और कभी-कभार चौके लगाए। वहीं फिलिप्स ने प्रसिद्ध की गेंद पर कवर ड्राइव पर तीन रन लेकर अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में कुल 14 चौके लगाए।

भारत के लिए वापसी करने का सबसे अच्छा मौका दूसरी नई गेंद से शुरुआती विकेट लेना था, लेकिन कप्तान शुभमन गिल का प्रसिद्ध को पहला ओवर देने का तर्कहीन फैसला अपेक्षित परिणाम देने में विफल रहा। आकाशदीप ने आखिर में निकोल्स और फिलिप्स की बीच 216 रन की साझेदारी को तोड़ा। उनकी गेंद अंदर की तरफ स्विंग हुई और फिलिप्स के ऑफ स्टंप के ऊपर ही हिस्से से लगकर गिल्लियों को गिरा गई।

अत्यधिक दबाव में शतक बनाने के बाद फिलिप्स जब पवेलियन लौटे तो बेसिन रिजर्व में मौजूद सभी दर्शकों ने खड़े होकर उनका जोरदार अभिवादन किया। दूसरी नई गेंद से भारत की गेंदबाजी खासकर प्रसिद्ध और अंशुल कंबोज के प्रदर्शन में काफी सुधार की गुंजाइश थी। शुरुआती दो स्पेल के बाद कंबोज की गति धीमी हो जाती है, जिससे बल्लेबाजों को उनका सामना करने के लिए भरपूर समय मिल जाता है।

फिलिप्स ने दूसरे दिन सुबह उनकी पहली ही गेंद को बड़ी आसानी से चौके के लिए पहुंचाया। दूसरे सत्र में प्रसिद्ध ने नाथन स्मिथ (14), आकाश दीप ने जैमीसन (11) और बुमराह ने हेनरी (01) को पवेलियन भेजा। कंबोज ने जैकब डफी को आउट करके न्यूजीलैंड की पारी का अंत किया।

प्रमुख खबरें

अमेरिका में बैंकिंग से लेकर विमान सेवाओं तक ठप हुए सिस्टम: क्या अमेरिका पर किसी बड़े साइबर अटैक का मंडरा रहा है खतरा?

Magnus Carlsen ने बचाई 2800 रेटिंग, प्रज्ञाननंदा ने अभिमन्यु मिश्रा को हराया

Bhishma Panchak: कार्तिक माह में 20 नवंबर से शुरू होगा भीष्म पंचक व्रत, 24 नवंबर को होगी समाप्ति

World Childrens Day: 20 नवंबर को मनाया जा रहा World Childrens Day, बच्चों के अधिकारों पर है फोकस