Hero MotoCorp का बड़ा प्लान, CEO बोले- इस साल भी Double-Digit Growth की उम्मीद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 24, 2026

 देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने वित्त वर्ष 2026-27 में दोहरे अंक की वृद्धि दर्ज करने का भरोसा जताया है। कंपनी का कहना है कि वह इस दौरान 12 से अधिक नए उत्पाद बाजार में उतारेगी और इलेक्ट्रिक स्कूटर कारोबार को तेजी से बढ़ाएगी। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हर्षवर्धन चितले ने पीटीआई-के साथ साक्षात्कार में कहा कि स्कूटर कारोबार कंपनी के लिए प्रमुख वृद्धि के केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ष 2030 तक कंपनी की कुल स्कूटर बिक्री में इलेक्ट्रिक स्कूटर की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से अधिक हो जाएगी।

उनके अनुसार, पिछले छह-सात वर्षों में प्रतिस्पर्धियों के साथ अंतर घट रहा था, लेकिन बीते वित्त वर्ष में कंपनी ने दोबारा बढ़त मजबूत की है। कंपनी का कहना है कि स्कूटर, इलेक्ट्रिक वाहन, 125 सीसी से ऊपर की मोटरसाइकिल और प्रवेश स्तर की बाइक में मजबूत प्रदर्शन के कारण उसकी बाजार स्थिति और मजबूत हुई है। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के आंकड़ों के अनुसार, हीरो मोटोकॉर्प ने 2025-26 में 54.93 लाख मोटरसाइकिल और 5.72 लाख स्कूटर बेचे।

वहीं प्रतिद्वंद्वी होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने इसी अवधि में 25.89 लाख मोटरसाइकिल और 31.62 लाख स्कूटर की बिक्री की। चालू वित्त वर्ष के अनुमान के बारे में चितले ने कहा कि बीते वित्त वर्ष की दोहरे अंक की वृद्धि इस साल भी जारी रहने की उम्मीद है। इसके पीछे निर्यात, इलेक्ट्रिक वाहन और स्कूटर कारोबार में मजबूत मांग प्रमुख कारण होंगे।

नए उत्पादों के बारे में उन्होंने कहा कि कंपनी आमतौर पर हर साल 10 से 12 बड़े मॉडल पेश करती है और इस बार संख्या इससे भी अधिक हो सकती है। इसके अलावा मौजूदा मॉडल के उन्नत संस्करण के साथ यह संख्या 40-50 तक पहुंच सकती है।

प्रमुख खबरें

Hindustan Zinc में Stake Sale की तैयारी, ₹80,000 करोड़ का Disinvestment Target पूरा करेगी सरकार

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार