सजा में संशोधन करने संबंधी उच्च न्यायालय की प्रक्रिया पूरी तरह से अस्वीकार्य: उच्चतम न्यायालय

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 23, 2025

उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को कहा कि तीन व्यक्तियों की दोषसिद्धि की समीक्षा और उसमें संशोधन को लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया ‘‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’’ है। इसके साथ ही न्यायालय ने संबंधित आदेश को खारिज कर दिया।

पीठ ने कहा, ‘‘हम यह समझने में असफल रहे कि वर्तमान मामले में भी उच्च न्यायालय ने सीआरपीसी की धारा 362 के प्रावधानों में सरल और स्पष्ट शब्दों के इस्तेमाल के बावजूद ऐसी गलती कैसे कर दी।’’

उच्चतम न्यायालय का यह फैसला मामले के शिकायतकर्ता द्वारा उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देते हुए दायर अलग-अलग अपीलों पर आया है। एक आरोपी ने बरी किये जाने के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

पीठ ने कहा कि उच्च न्यायालय ने इस मामले में मई, 2018 में दिये गये अपने फैसले में तीनों आरोपियों द्वारा दायर अपीलों को खारिज कर दिया था। उच्च न्यायालय के समक्ष आरोपियों ने निचली अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत हत्या के अपराध में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।

फरवरी 2019 में, उच्च न्यायालय ने आरोपी व्यक्तियों की याचिका पर मई 2018 के अपने फैसले को संशोधित किया था और उनकी सजा को आईपीसी की धारा 304, भाग-दो के तहत कमतर आरोप में बदल दिया।

आईपीसी की धारा 304, भाग-दो गैर-इरादतन हत्या से संबंधित है। इसके बाद उच्च न्यायालय ने उनमें से एक को 10 साल, जबकि बाकी को पांच-पांच साल जेल की सजा सुनाई गई। उच्च न्यायालय ने मई, 2018 के फैसले में आरोपियों की दलील को खारिज कर दिया था और हत्या के लिए उनकी दोषसिद्धि की पुष्टि की थी।

उच्चतम न्यायालय ने कहा कि उच्च न्यायालय ने अपने फरवरी 2019 के आदेश में पाया था कि यह घटना अचानक उकसावे का परिणाम प्रतीत होती है और उनकी सजा को आईपीसी की धारा 304 के भाग-दो में बदल दिया।

शिकायतकर्ता द्वारा दायर अपीलों को स्वीकार करते हुए पीठ ने कहा, ‘‘आठ फरवरी, 2019 का निर्णय और आदेश रद्द किया जाता है क्योंकि उच्च न्यायालय द्वारा 21 मई, 2018 को दिये गये अपने ही निर्णय और आदेश की समीक्षा करना उचित नहीं था।’’ यह बात सामने आई थी कि दो परिवारों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद था और आरोपी व्यक्तियों ने एक व्यक्ति पर हमला किया था, जिसकी मई 2012 में मृत्यु हो गई थी।

प्रमुख खबरें

Amazon CEO Andy Jassy की फडणवीस से मुलाकात, Maharashtra में निवेश और AI पर बड़ा फोकस

Iran के Nuclear Program पर लगेगी लगाम? US संग डील के बाद IAEA करेगा यूरेनियम भंडार की जांच

Bihar AI Policy से Migration नहीं, Innovation Hub बनेगा राज्य, मंत्री नीतीश मिश्रा का बयान

MEA का बड़ा ऐलान: Passport सिर्फ Travel Document, नागरिकता का पक्का सबूत नहीं