By विजयेन्दर शर्मा | Jul 21, 2021
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी अगले माह होने जा रहे मंडी लोकसभा व तीन विधानसभा उपचुनावों के लिये चुनावी मोड में आ गई है। पार्टी ने अपने तमाम नेताओं को फील्ड में उतार दिया है ताकि समय रहते अपने कार्यकर्ताओं को मनाया जा सके। पार्टी को हर सूरत में यह चुनाव जीतने हैं, यह जीत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के राजनीतिक भविष्य को भी तय करेगी। चूंकि अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव है।
मंडी संसदीय चुनाव क्षेत्र जहां राम स्वरूप शर्मा के निधन के बाद उपचुनाव होने जा रहे हैं में उपचुनाव के लिये पार्टी व जयराम ठाकुर की पहली पसंद जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह बताये जा रहे हैं हालांकि यहां से नरेन्द्र अत्री महेशवर सिंह प्रवीण शर्मा की भी दावेदारी है। वहीं जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की सीट जो कि नरेन्दर बरागटा के निधन से खाली हुई है में जय राम ठाकुर ने खुलेआम नरेन्दर बरागटा के बेटे चेतन बरागटा की पीठ थपथपाई है। चेतन बरागटा प्रदेश आईटी सेल के संयोजक हैं व मरहूम बरागटा के बेटे हैं को टिकट दिये जाने की हिमायत पार्टी में की जा रही है।
इसी तरह कांगडा जिला के फतेहपुर जहां कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद उपचुनाव होने जा रहे हैं में पिछला चुनाव हारे कृपाल परमार को लेकर पेंच फंसा है परमार अपने टिकट की पैरवी कर रहे हैं तो दूसरी ओर उनको चुनाव मैदान में उतारने को लेकर सहमति बनती नजर नहीं आ रही खुद सीएम जयराम ठाकुर ने भी दिल्ली बैठक में परमार के विकल्प के तौर पर किसी दूसरे नेता को मैदान में उतारने की हिमायत की है।प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान सीएम जयराम ठाकुर पार्टी का खाका रखा है उसके बाद अब तय हो गया है कि उपचुनावों में प्रत्याशी चयन में जय राम ठाकुर की ही चलेगी। व उनके कहने पर ही टिकट दिये जायेंगे। भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना से बातचीत करते हुए कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी के सच्चे सिपाही है और भाजपा के लिए हर दम कार्य करेंगे।भाजपा नेताओं ने कहा की आगामी पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर सभी कार्य में लगे हैं और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जन कल्याण योजनाओं को लेकर घर घर जाकर इनका प्रचार भी करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा वृक्ष है जो व्यक्ति इससे जुड़ा रहता है वह आगे बढ़ता है इससे टूट कर कभी भी कोई नेता नहीं बन पाया।