हिमाचल प्रदेश में अचानक बाढ़: सेना ने किन्नौर में फंसे चार नागरिकों को बचाया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 14, 2025

हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अचानक आई बाढ़ के बाद सेना ने एक घायल समेत चार लोगों को बचाया। इस बारे में बृहस्पतिवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई।

सेना ने बताया कि यह स्थल सीपीडब्ल्यूडी (केंद्रीय लोक निर्माण विभाग) के अधीन गंगथांग बरलम की ओर एक सक्रिय सड़क निर्माण क्षेत्र था। बयान में कहा गया है कि किन्नौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से तत्काल अनुरोध प्राप्त होने पर, सेना ने तुरंत मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) की एक टुकड़ी को तैनात किया। अंधेरा, तेज धाराओं और दुर्गम इलाके का सामना करते हुए टीम उस स्थान पर पहुंची और नदी के दूर किनारे पर चार नागरिकों को फंसा हुआ पाया।

चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सटीकता से काम करते हुए एचएडीआर टीम ने रात्रिकालीन बचाव कार्यों में सहायता के लिए उस क्षेत्र में रोशनी की व्यवस्था की और फंसे हुए नागरिकों को ऊंचाई वाले और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।

टीम ने घायल व्यक्ति को भी निकाला और उसे रेकांग पियो के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया। सेना ने कहा कि लॉजिस्टिक्स ड्रोन हाई एल्टीट्यूड (एलडीएचए) प्रणाली सहित नयी पीढ़ी के उपकरणों का उपयोग बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के पार आवश्यक वस्तुओं, जैसे खाने-पीने की चीजें और नारियल पानी, को पहुंचाने के लिए किया गया ताकि फंसे हुए लोगों को रात के दौरान आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं हो सके और उनकी जान बच सके।

बयान के अनुसार, बचाए गए नागरिकों को पूह स्थित सैन्य शिविर ले जाया गया। पानी कम होने पर फंसे हुए लोगों को वापस उनके घरों तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।

प्रमुख खबरें

Asian Games में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने दी बधाई

बिहार में Flood mismanagement पर बड़ी कार्रवाई, सात Engineer निलंबित

पंजाब चुनाव की रणनीति: Pargat Singh ने KC Venugopal से की अहम बैठक

Congress Chief Mallikarjun Kharge ने तमिलनाडु में तीन नई कमेटियों को दी मंजूरी