By अंकित सिंह | Apr 12, 2025
मुर्शिदाबाद हिंसा को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला किया और कहा कि हिंदुओं को राज्य से भागने के लिए "मजबूर" किया जा रहा है। सिंह ने बेगूसराय में संवाददाताओं से कहा कि मुसलमानों के साथ-साथ हिंदुओं की सुरक्षा भी ममता बनर्जी की जिम्मेदारी है। मुर्शिदाबाद हिंसा से पता चलता है कि हिंदुओं को पश्चिम बंगाल से भागने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह सब राज्य सरकार के सामने हो रहा है।
पश्चिम बंगाल के मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) अधिनियम के विरोध में प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा के सिलसिले में 110 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। नए कानून को लेकर शुक्रवार को मालदा, मुर्शिदाबाद, दक्षिण 24 परगना और हुगली जिलों में हिंसा भड़क गई थी और पुलिस वैन सहित कई वाहनों में आग लगा दी गई, सुरक्षा बलों पर पथराव किया गया और सड़कें अवरूद्ध कर दी गईं। पुलिस ने बताया कि इन सभी जिलों में छापेमारी की जा रही है और मुर्शिदाबाद में 110 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।