दशहरा तक किसानों को वित्तीय सहायता मिलने की उम्मीद: अजित पवार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 17, 2025

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार आश्वस्त है कि बारिश से प्रभावित किसानों को दशहरा तक वित्तीय सहायता अंतरित कर दी जाएगी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 30 जिलों के 654 राजस्व क्षेत्रों की 195 तालुका में 19.5 लाख हेक्टेयर भूमि में खरीफ फसलें प्रभावित हुई हैं।

पवार ने कहा, ‘‘छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड और नांदेड़ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई जबकि पैठण के कुछ इलाकों में पानी अब भी कम नहीं हुआ है। सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और मराठवाड़ा के जिला प्रशासन को फसल नुकसान का सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया गया है। संरक्षक मंत्री सर्वेक्षण की निगरानी करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि बारिश से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट जल्द ही राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मराठवाड़ा क्षेत्र में अत्यधिक भारी बारिश पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘हम वित्तीय सहायता सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे। सरकार आशान्वित है कि यह प्रक्रिया दशहरा (दो अक्टूबर) तक पूरी हो जाएगी।’’

इस बीच कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने कहा कि अगस्त और सितंबर में भारी बारिश से महाराष्ट्र के 30 जिलों में 17.85 लाख हेक्टेयर भूमि में फसलों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कुछ जिलों में पंचनामा (भू आकलन) का काम पूरा हो चुका है और मुआवजा वितरित किया जा चुका है।

आंकड़ों के अनुसार सोयाबीन, मक्का, कपास, अरहर, उड़द, मूंग, सब्जियां, फल, बाजरा, गन्ना, प्याज, ज्वार और हल्दी को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। अगस्त और सितंबर में भारी बारिश के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में नांदेड़ शामिल है, जहां 7.28 लाख हेक्टेयर में फसलें प्रभावित हुईं और इसके बाद यवतमाल, वाशिम, धाराशिव, अकोला, सोलापुर तथा बुलढाणा का स्थान है।

प्रमुख खबरें

Goa में Charter Flights को बढ़ावा देने के लिए सरकार देगी 2 करोड़ रुपये की मदद

वीकेंड पर पहाड़ों की ओर उमड़ा सैलाब, शिमला-मनाली से नैनीताल तक लंबा जाम; सड़क पर गुजारनी पड़ी रात

Asaduddin Owaisi ने BJP पर लगाया Muslim वोटरों के नाम हटवाने का आरोप

तस्वीरों से AI छेड़छाड़ पर भड़कीं Yami Gautam, X पर पोस्ट साझा कर मीडिया से जताई आपत्ति