कर्नाटक में कांग्रेसी पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में खरगे की जीत को लेकर आशान्वित

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 18, 2022

कर्नाटक में कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेतापार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खरगे की जीत को लेकर आशान्वित हैं। कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य खरगे इस चुनाव में तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर के खिलाफ खड़े हैं। कांग्रेस नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष चुनने के लिए बेंगलुरु में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) कार्यालय में मतदान किया। मतदान करने वालों में खुद खरगे, विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

निर्वाचित होने पर, 80 वर्षीय खरगे एस निजलिंगप्पा के बाद कर्नाटक के दूसरे ऐसे नेता होंगे जो अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के अध्यक्ष होंगे और जगजीवन राम के बाद इस पद को संभालने वाले दूसरे दलित नेता होंगे। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में राज्य से कुल 503 वोट हैं। सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘खरगे एक वरिष्ठ नेता हैं, जिन्होंने ईमानदारी से बीते पांच दशकों से अधिक समय तक पार्टी की सेवा की है और उनके पास बहुत अनुभव है। मुझे लगता है कि वह भारी बहुमत के साथ जीतेंगे।

मुझे विश्वास है कि कर्नाटक के सभी वोट खरगे के पक्ष में गए होंगे। उनकी जीत 100 प्रतिशत निश्चित है। शिवकुमार ने भी कहा कि खरगे के पास व्यापक अनुभव है और उन्होंने अन्य राज्यों में पार्टी मामलों पर काम किया है, और यह निश्चित रूप से पार्टी के प्रबंधन में मददगार होगा। उन्होंने कहा कि थरूर ने उनसे किसी तरह का समर्थन मांगने के लिए संपर्क नहीं किया। हालांकि, खरगे ने ज्यादा कुछ नहीं बोला। उन्होंने कहा कि 19 अक्टूबर को चुनाव परिणाम आने तक कुछ भी कहने को नहीं है।

खरगे ने कहा, सभी राज्यों में चुनाव अच्छे चल रहे हैं, लेकिन किसके पक्ष में (वोट डाले जा रहे हैं) मुझे नहीं पता। जब उनसे कहा गया कि कर्नाटक के नेताओं ने उनके पक्ष में कुछ कहा है, तो खरगे ने कहा, चलो देखते हैं मतगणना के बाद क्या होता है।’’ इससे पहले, खरगे ने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर से बात की और उन्हें ‘‘शुभकामनाएं’’ दीं और कहा कि वे दोनों ही पार्टी को मजबूत करने एवं एक बेहतर राष्ट्र बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। 

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘शशि थरूर को मेरी शुभकामनाएं। उनसे आज दिन में बात की, हम दोनों भावी पीढ़ियों के लिए एक सशक्त एवं बेहतर राष्ट्र बनाने तथा कांग्रेस को मजबूत करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।’’ कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य 80 वर्षीय खरगे ने आज यहां कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए अपना वोट डाला।

प्रमुख खबरें

आपकी महंगी Lipstick टूट गई? फेंकें नहीं, इस Beauty Hack से मिनटों में बनाएं Brand New

Hast Rekha: छठी उंगली सिर्फ Lucky Charm नहीं, Palmistry से जानें ऐसे लोगों की Secret Personality

Assam में ऐतिहासिक कदम! विधानसभा में पेश हुआ Uniform Civil Code Bill, बहुविवाह पर रोक और लिव-इन का रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य

पीएम मोदी के साथ हो सकती थी अनहोनी! बेंगलुरु में सुरक्षा में महा-चूक, काफिले के रास्ते में बिछे थे बारूद