By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन सचिव सौरभ गर्ग ने सोमवार को कहा कि देशभर में किया जा रहा घरेलू आय सर्वेक्षण मार्च 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। इसका दो-तिहाई से अधिक काम पूरा हो चुका है। गर्ग ने मुंबई में डेटा उपयोगकर्ता सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से अलग से बातचीत में कहा, हमने इस साल अप्रैल में काम शुरू किया था और करीब दो-तिहाई काम पूरा हो चुका है।
लोग इसमें भाग ले रहे हैं। हमारा ध्यान यह समझने पर है कि लोग आय के किस वर्ग में आते हैं। हमें व्यक्तिगत आय में दिलचस्पी नहीं है और काम अच्छी तरह आगे बढ़ रहा है।
हमें उम्मीद है कि यह मार्च तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्रालय का उद्देश्य व्यक्तिगत आय का आकलन करना नहीं, बल्कि समग्र आधार पर लोगों की कमाई का आकलन करना है। केंद्र सरकार ने लोगों के रहन-सहन और आय-व्यय के तौर-तरीकों से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (एनएचआईएस) शुरू करने की प्रक्रिया शुरू की है।
इस सर्वेक्षण के आंकड़ों का इस्तेमाल उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) का आधार वर्ष बदलने, राष्ट्रीय लेखा तैयार करने और विभिन्न समुदायों में गरीबी एवं आर्थिक कठिनाइयों का विश्लेषण करने में किया जाता है। गर्ग ने यह भी कहा कि राज्यों ने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की गणना का आधार वर्ष बदलने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। अगले कुछ महीनों में सभी राज्य इस प्रक्रिया को पूरा कर लेंगे।
उन्होंने कहा, सभी राज्य इस दिशा में काम कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। भारत ने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की गणना के लिए आधार वर्ष 2011-12 से बदलकर 2022-23 कर दिया है। जिला घरेलू उत्पाद के बारे में पूछे जाने पर गर्ग ने कहा कि कई राज्य आवंटन के आधार पर जिला घरेलू उत्पाद का अनुमान तैयार करते हैं।
मंत्रालय आंकड़ों की सटीकता बढ़ाने के लिए इसकी गणना की पद्धति में सुधार करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों ने पहले ही इस पद्धति में सुधार शुरू कर दिया है और अगले साल तक और राज्य भी इसमें सुधार कर लेंगे।