By अभिनय आकाश | Oct 16, 2026
सऊदी अरब और हूतियों के बीच जंग अब भीषण शक्ल ले चुकी है और यही वजह है कि बेहद डरावनी तस्वीरें अलग-अलग मोर्चों से सामने आ रही हैं। तस्वीरों में भागती-दौड़ती गाड़ियां दिखाई दे रही हैं, जिन पर लगातार तोप के गोले और रॉकेट दागे जा रहे हैं जिससे गाड़ियां तबाह हो रही हैं। हूतियों ने इसकी तस्वीरें जारी कर बताया है कि वे किस तरह सऊदी समर्थित बलों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। सऊदी अरब और हूती हमलों को लेकर जिस तरह से तनाव बढ़ा है, उस बीच सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने स्वीकार किया है कि हूती विद्रोहियों के हमले में उसे भारी नुकसान हुआ है। सड़क किनारे खड़े वाहन से काला धुआं उठता नजर आया, कुछ लड़ाके इलाके से आगे बढ़ते नजर आते हैं और इसके बाद हमलों व विस्फोटों जैसे दृश्य भी सामने आते हैं। हूती विद्रोही इस इलाके में पूरी ताकत के साथ सऊदी अरब पर हमले बढ़ा रहे हैं और यमनी सरकार की सेना को समर्थन देने वाले सऊदी अरब को भारी हमलों का सामना करना पड़ रहा है।
गठबंधन के मुताबिक, अकेले 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में 12 लोगों की जान गई थी, जबकि इससे पहले भी लगातार लोग मारे जा रहे थे। सऊदी अरब पर हूतियों के हमले लगातार बढ़ गए हैं, जिसने सऊदी अरब की सुरक्षा और उसकी आर्थिक योजनाओं को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान देश की अर्थव्यवस्था में विविधता लाने और तेल पर निर्भरता घटाने के लिए जिस बड़े बदलाव और विज़न पर काम कर रहे हैं, मौजूदा तनाव ने उनके सामने एक साथ कई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।