By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 25, 2021
सिंगापुर।कोविड-19 महामारी के कारण वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्यकर्मियों की बढ़ती मांग के बीच सिंगापुर के अस्पतालों और क्लीनिक में नर्स की इतनी कमी हो गई है कि एक निजी अस्पताल समूह ने अनुभवी नर्स ढूंढने और उनकी भर्ती में मदद करने वाले कर्मियों को 12-12 हजार सिंगापुर डॉलर देने का प्रस्ताव दिया है। यहां मीडिया ने बृहस्पतिवार को बताया कि अस्पताल ने हाल में स्नातक करने वाली नर्स ढूंढने और उनकी भर्ती में मदद करने वाले कर्मी को भी कम से कम 3,600 सिंगापुर डॉलर देने का प्रस्ताव दिया है। कोविड-19 ने नर्स की कमी की समस्या को और गंभीर कर दिया हैं। निजी अस्पताल समूह के एक प्रशासनिक अधिकारी ने अपना नाम गोपनीय रखने की शर्त पर ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ से कहा, ‘‘हर जगह नर्स की भारी मांग है।’’ उसने कहा, ‘‘विदेशी नर्स सिंगापुर में अनुभव लेकर कनाडा जैसे देशों में बेहतर नौकरियों के लिए चली जाती हैं, क्योंकि सिंगापुर में उन्हें स्थायी निवास मिलने की उम्मीद बहुत कम होती है। यहां उनका कोई भविष्य नहीं है।’’