हैदरपुरा मुठभेड़ मामले में एसआईटी ने सुरक्षा बलों को दी क्लीन चिट, गुपकार गठबंधन के नेता भड़के

By नीरज कुमार दुबे | Dec 29, 2021

हैदरपुरा मुठभेड़ मामले की जांच कर रहे जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कहा है कि एक नागरिक विदेशी आतंकवादी के हाथों मारा गया जबकि मकान मालिक एवं एक स्थानीय आतंकवादी की मुठभेड़ में फंस जाने से मौत हुई, क्योंकि घर में छिपे आतंकवादी ने उन्हें ढाल के रूप में इस्तेमाल किया। हम आपको याद दिला दें कि हैदरपुरा में 15 नवंबर को मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी एवं तीन अन्य व्यक्ति मारे गये थे। पुलिस ने दावा किया था कि मारे गये सभी व्यक्तियों का आतंकवाद से संबंध था। हालांकि इन तीन व्यक्तियों के परिवारों ने दावा किया था कि वे बेगुनाह थे और उन्होंने इस मुठभेड़ में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। उसके बाद पुलिस ने जांच का आदेश दिया था। जांच के बाद एसआईटी के प्रमुख उपमहानिरीक्षक सुजीत कमार सिंह ने एक प्रकार से सुरक्षा बलों को क्लीन चिट दी लेकिन यह भी कहा कि यदि कोई अन्य सबूत सामने आता है तो यह दल अपने निष्कर्ष पर पुनर्विचार करने को तैयार है।

अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज एवं कॉल रिकार्ड का परीक्षण करने के अलावा एसआईटी ने अब तक 20 से अधिक गवाहों की गवाही ली है। उन्होंने कहा, ''इनमें से छह गवाहों के बयान मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज किये गये।’’ जब सुजीत कुमार सिंह से पूछा गया कि यदि सुरक्षा बलों के पास आतंकवादियों के अंदर छिपे होने की सूचना थी तो आम लोगों को क्यों घर की तलाशी के लिए भेजा गया, उस पर उन्होंने कहा कि भट ने यह कहते हुए खुद ही अंदर जाने की इच्छा प्रकट की थी कि ‘‘उसे पक्का यकीन है कि अंदर कोई छिपा नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ''किसी भी वक्त उनमें से किसी ने भी सुरक्षा बलों को अंदर आतंकवादियों के छिपे होने के बारे में नहीं बताया और न ही कोई मदद मांगी।’’ आमिर की संलिप्तता के बारे में एसआईटी प्रमुख ने कहा कि मकान से मिले कोडी की बोतलें एवं सर्दी के कपड़े जैसे सामान बताते हैं कि वह छिपने का ठिकाना था। उन्होंने कहा, ‘‘हमने पाया कि आमित बार-बार बांदीपुरा आ रहा था। कोई क्यों बांदीपुरा बार-बार आएगा जब वह (उसका परिवार) 2008 में वहां से चला गया था।’’

इसे भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर के लोग गरीबी की ओर बढ़ रहे, महाराजाओं का शासन मौजूदा सरकार से बेहतर: आजाद

राजनीति शुरू

दूसरी ओर एसआईटी की रिपोर्ट पर राजनीति भी शुरू हो गयी है। गुपकर गठबंधन ने इस मुद्दे पर कहा है कि हैदरपुरा में हुई मुठभेड़ पर पुलिस की प्रेस वार्ता केवल ‘‘पुरानी कहानी’’ की पुनरावृत्ति है। गुपकार ने इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की। गुपकार के प्रवक्ता मोहम्मद यूसुफ तारिगामी ने एक बयान में कहा कि बयान एक ‘‘मनगढ़ंत कहानी’’ प्रतीत होता है। उन्होंने कहा, ‘‘पीएजीडी का दृढ़ विश्वास है कि एक विश्वसनीय न्यायिक जांच से कुछ संदेह दूर होंगे। प्रशासन को बिना किसी देरी के समयबद्ध न्यायिक जांच का आदेश देना चाहिए।'' 

वहीं गुपकार गठबंधन की सदस्य और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि एसआईटी जांच एक गलत अभियान की लीपापोती करने के लिए की गई। महबूबा ने ट्वीट किया, ‘‘हैदरपुरा मुठभेड़ में सशस्त्र बलों को एसआईटी की क्लीन चिट आश्चर्यचकित नहीं करती है। यह विशुद्ध रूप से एक गलत अभियान की लीपापोती करने और बेकसूर नागरिकों की हत्या के दोषियों को दोषमुक्त करने के लिए थी।''

प्रमुख खबरें

Share Market में फिर लौटी रौनक, FMCG-Auto स्टॉक्स बने रॉकेट, Sensex 609 अंक चढ़ा

Pakistan के नए Test Coach बने Sarfaraz Ahmed, कहा- तकनीक बाद में, पहले भरोसा जरूरी

SSB Recruitment 2026: कांस्टेबल GD के 404 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी, फौरन करें Apply Online

अब नहीं चलेगा जुगाड़! Nitin Gadkari का आदेश, Sleeper Bus में हर Safety Feature की होगी जांच