By अभिनय आकाश | Jul 27, 2026
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को एक इंटरव्यू में कहा कि वे सितंबर में न्यूयॉर्क जाकर संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के सत्र को संबोधित करना चाहते हैं। यह घटनाक्रम तब हुआ है जब न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान मम्दानी ने हाल ही में कहा कि इज़राइली नेता का शहर में "स्वागत नहीं" है। उन्होंने अमेरिकी फ़ेडरल सरकार से नेतन्याहू के ख़िलाफ़ इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) के गिरफ़्तारी वारंट को लागू करने की भी मांग की। फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने UNGA के लिए न्यूयॉर्क जाने के अपने इरादे साफ़ किए और कहा मेरा इरादा वहां जाकर सच बोलने, और संयुक्त राष्ट्र के मंच से इज़राइल तथा इज़राइली-अमेरिकी गठबंधन की बात रखने का है।
इज़राइल के प्रधानमंत्री ने NYC के मेयर के तौर पर ममदानी की लीडरशिप की आलोचना की और कहा ममदानी खुद को अपराधियों के साथ जोड़ रहे हैं। लेकिन सबसे बुरी बात यह है कि वह अपने ही नागरिकों, अपने ही वोटरों को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा मैं पिछले कई सालों में कई बार न्यूयॉर्क गया हूँ और न्यूयॉर्क के सभी मेयरों से मिला हूँ। वे सभी खुद को सभी न्यूयॉर्कवासियों का मेयर मानते थे, न कि आबादी के एक हिस्से को दूसरे हिस्से के खिलाफ खड़ा करते थे।
पिछले साल मेयर पद के लिए अपने कैंपेन के दौरान, ममदानी ने कहा था कि वह स्थानीय पुलिस को नेतान्याहू के ख़िलाफ़ ICC के गिरफ़्तारी वारंट को लागू करने का आदेश देने की कोशिश करेंगे। ममदानी ने पहले एक वीडियो मैसेज में कहा था, जैसा कि मैंने कहा है, मैं ICC की इस बात से सहमत हूँ कि बेंजामिन नेतान्याहू को गिरफ़्तार किया जाना चाहिए और उनके अपराधों के लिए उन पर मुक़दमा चलना चाहिए, ठीक वैसे ही जैसे ICC द्वारा आरोपी बनाए गए किसी भी अन्य व्यक्ति के मामले में होता है।
ममदानी ने यह भी माना कि शहर के पास नेतान्याहू को गिरफ़्तार करने का "स्वतंत्र कानूनी अधिकार" नहीं है और उन्होंने संघीय अधिकारियों से इस मामले को अपने हाथ में लेने की अपील की। उन्होंने कहा मैं यह भी साफ़ तौर पर कहना चाहता हूँ कि न्यूयॉर्क शहर में बेंजामिन नेतान्याहू का स्वागत नहीं है और न ही किसी अन्य ऐसे युद्ध अपराधी का जो अभी भी आज़ाद घूम रहा है।