दिल से माफी मांगता हूं, ‘बहन सोफिया’ और सेना का हमेशा सम्मान करता हूं: मंत्री विजय शाह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 15, 2025

मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ की गई अपनी विवादास्पद टिप्पणी के लिए बुधवार को माफी मांग ली और कहा कि वह ‘बहन सोफिया’ और सेना का हमेशा सम्मान करते हैं।

आदिम जाति कल्याण मंत्री ने ‘एक्स’ पर साझा किए एक वीडियो में कहा, ‘‘हाल में मेरे दिए गए बयान से हर समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उसके लिए मैं दिल से न केवल शर्मिंदा हूं, दुखी हूं, बल्कि माफी चाहता हूं।’’

शाह ने कर्नल सोफिया को ‘देश की बहन’ करार दिया और कहा कि उन्होंने राष्ट्र धर्म निभाते हुए जाति और समाज से ऊपर उठकर काम किया है। उन्होंने कहा, ‘‘वह हमारी सगी बहन से भी अधिक सम्मानित हैं।’’

इससे पहले दिन में, उच्च न्यायालय ने विजय शाह को कर्नल सोफिया के खिलाफ ‘‘खतरनाक’’ और ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी करने तथा ‘‘गटर की भाषा’’ का इस्तेमाल करने के लिए फटकार लगाई और पुलिस को आदेश दिया कि वह दुश्मनी और घृणा को बढ़ावा देने के लिए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करे।

अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित खंडवा जिले की हरसूद सीट से लगातार आठ बार चुनाव जीत चुके शाह ने पिछले दिनों कर्नल सोफिया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। उन्होंने कर्नल सोफिया को ‘आतंकवादियों की बहन’ के रूप में पेश करने की कोशिश की थी।

उन्होंने सोमवार को इंदौर के पास रामकुंडा गांव में एक सभा को संबोधित करते हुए ये अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। शाह ने अपने ताजा पोस्ट में आगे कहा कि उनकी इच्छा और मंशा यही थी कि वह कर्नल सोफिया की बात को अच्छे से समाज के बीच में रखें लेकिन ‘दुखी और विचलित मन से’ उनके मुंह से ‘कुछ शब्द गलत’ निकल गए।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके कारण आज मैं खुद शर्मिंदा हूं और पूरे समाज से और समुदाय से माफी मांगता हूं। बहन सोफिया और देश की सम्माननीय सेना का हमेशा सम्मान करता हूं और आज हाथ जोड़ कर सबसे मैं दिल से माफी चाहता हूं।’’

कर्नल कुरैशी तब सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों पर हमला करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पिछले सप्ताह चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साथ नियमित प्रेस वार्ता की थी।

प्रमुख खबरें

वाराणसी MLC Counting में धांधली का अखिलेश यादव ने लगाया आरोप, कहा नहीं दे रहे जीत का सर्टिफिकेट

Cyclone Arnab से ओडिशा में भारी बारिश और तबाही, 43 हजार से अधिक लोग सुरक्षित निकाले गए

परविंदर झोटा हत्याकांड: Punjab में AAP विधायकों का घेराव करेगी संयुक्त कार्रवाई समिति

PRAGATI बैठक में PM Modi ने 16000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की समीक्षा की