पार्टी संगठन को फिर से बनाने निकल पड़े आदित्य ठाकरे, कहा- शिवसेना का नए सिरे से निर्माण करेंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 21, 2022

ठाणे।शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पार्टी संगठन को फिर से बनाने के लिए निकल पड़े हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि राज्य में एकनाथ शिंदे नीत सरकार जल्द ही गिर जाएगी क्योंकि यह ‘अवैध’ तरीके से बनी है। आदित्य ठाकरे ठाणे जिले के भिवंडी शहर में तीन दिवसीय ‘शिव संवाद यात्रा’ शुरू होने के मौके पर बोल रहे थे। जिले में उनके समर्थकों ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया। आदित्य के पिता उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार पिछले महीने गिर गई थी। दरअसल, शिंदे की अगुवाई में पार्टी के अधिकतर विधायकों ने शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी। उद्धव ठाकरे ने 29 जून को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद शिंदे ने मुख्यमंत्री पद की एवं भाजपा नेता देवेंद्र फड़णवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रपति की रेस में द्रौपदी मुर्मू आगे, ओडिशा से लेकर दिल्ली तक जश्न का माहौल, 540 सांसदों के वोट मिले

पूर्व मंत्री ने कहा, “ हमारी सिर्फ इतनी गलती है कि हम राजनीति नहीं कर सके और इसलिए हमें इस स्थिति का सामना करना पड़ा। हमने उन्हें परेशान नहीं किया जो हमारे खिलाफ हैं।” उन्होंने कहा कि अगर सभी बागी वापस आना चाहते हैं तो ‘मातोश्री’ (ठाकरे परिवार का निजी आवास) के दरवाज़े उनके लिए हमेशा खुले हैं। आदित्य ने कहा कि राज्य में राजनीतिक नौटंकी और सर्कस चल रहा है और अच्छे लोगों की राजनीति में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, “ हम अच्छे लोग हैं और अच्छी राजनीति करेंगे।” वर्ली के विधायक ने कहा कि विद्रोहियों का सिर्फ एक मसला था कि उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे विधानमंडल में हैं जिसे वे पचा नहीं पा रहे थे। भिवंडी के बाद, आदित्य ठाकरे का ‘शिव संवाद यात्रा’ के तहत शाहपुर, इगतपुरी, डिण्डोरी व नासिक जाने का भी कार्यक्रम है।

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court ने हमीरपुर में स्कूल सड़क के लिए Forest NOC देने का आदेश दिया

Raipur Police के खिलाफ ईसाई संगठन का मोर्चा, दुर्व्यवहार के आरोप में कार्रवाई की मांग

JPNIC Lucknow के संचालन और रखरखाव को UP Cabinet की मंजूरी, 30 साल की लीज पर दिया

Kurukshetra Murder: महिला ने तीन चाकुओं से की पति की हत्या, जांच जारी