By Prabhasakshi News Desk | Jul 01, 2024
बेंगलुरु । कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा कि राज्य में अगर नेतृत्व परिवर्तन पर पार्टी आलाकमान कोई फैसला लेता है, तो वह उसका पालन करेंगे। मुख्यमंत्री का यह बयान पार्टी के भीतर जारी खींचतान के बीच आया है। वोक्कालिगा समुदाय के एक प्रतिष्ठत महंत ने पिछले सप्ताह सार्वजनिक रूप से सिद्धरमैया से पद छोड़ने का आग्रह किया था, ताकि उपमुख्यमंत्री डी.के.शिवकुमार के लिए मार्ग प्रशस्त हो सके। विश्व वोक्कालिगारा महासंस्थान मठ के महंत चंद्रशेखरनाथ स्वामीजी की अपील के बारे में संवाददाताओं द्वारा पूछे गए सवाल पर सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘यह सार्वजनिक चर्चा का विषय नहीं है। आलाकमान जो भी फैसला करेगा, हम उसका पालन करेंगे।’’