IBM का बड़ा फैसला: Consulting Division में अधिकांश पदों के लिए US वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद, भारतीय कर्मचारियों पर गहरा असर

By रेनू तिवारी | Nov 27, 2026

वैश्विक प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी आईबीएम (IBM) ने अपनी परामर्श इकाई यानी 'आईबीएम कंसल्टिंग' (IBM Consulting) में अधिकांश पदों के लिए अमेरिकी वीजा और ग्रीन कार्ड प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) की सुविधा समाप्त करने का बड़ा निर्णय लिया है। यह इकाई कंपनी का सबसे बड़ा व्यावसायिक प्रभाग है, जिसमें दुनिया भर में 1.5 लाख से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। यह कदम ऐसे संवेदनशील समय में उठाया गया है जब अमेरिका स्थित प्रौद्योगिकी कंपनियां कामकाजी वीजा के उपयोग और विदेशी कार्यबल पर निर्भरता को लेकर अमेरिकी सरकार के बढ़ते दबाव व सख्त जांच का सामना कर रही हैं।

कंपनी ने एक बयान में कहा, आईबीएम कंसल्टिंग कौशल की कमी को पूरा करने के लिए अमेरिकी उच्च-कुशल वीजा कार्यक्रमों में भाग लेती है। पिछले कई वर्षों से यह भागीदारी घट रही है और जैसे-जैसे कौशल की उपलब्धता तथा ग्राहकों की जरूरतें बदली हैं, हमने आईबीएम कंसल्टिंग में ऐसे अधिकांश पदों के लिए वीजा और ग्रीन कार्ड दिलाने की सुविधा बंद करने का फैसला किया है। हालांकि प्रौद्योगिकी क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी ने अधिक विवरण नहीं दिया, लेकिन खबरों के मुताबिक प्रभावित कर्मचारियों को अमेरिका से बाहर किसी अन्य देश में स्थानांतरित होने या वर्ष के अंत तक कंपनी छोड़ने का विकल्प दिया गया है। 

पेशेवरों के गुमनाम चर्चा मंच ब्लाइंड पर कर्मचारियों के पोस्ट के अनुसार कुछ प्रभावित कर्मचारियों को निर्णय लेने के लिए लगभग तीन सप्ताह का समय दिया गया है। विदेश में भूमिका स्वीकार करने से इनकार करने वालों के लिए तीन महीने के कार्य समाप्ति वेतन का प्रावधान रखा गया है और 31 दिसंबर उनका अंतिम कार्यदिवस होगा। एक कर्मचारी ने ब्लाइंड पर लिखा, मुझे अपने प्रबंधक के साथ एक आकस्मिक बैठक में बुलाया गया और कहा गया कि मेरे पास भारत स्थानांतरित होने के लिए वेतन में 80 प्रतिशत की कटौती स्वीकार करने या 31 दिसंबर तक अपनी नौकरी गंवाने के बीच विकल्प चुनने के लिए केवल तीन सप्ताह हैं। मैंने यहां अपना करियर बनाने, आईबीएम के ग्राहकों के लिए लंबे समय तक काम करने, कर चुकाने और अमेरिका में अपना जीवन बसाने में वर्षों बिताए हैं। अब मुझसे कहा जा रहा है कि या तो सब कुछ छोड़कर चला जाऊं या सिर्फ तीन महीने के कार्य समाप्ति वेतन के साथ बाहर हो जाऊं। पिछले कुछ वर्षों में अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों को विदेशी कर्मचारियों पर निर्भरता को लेकर बढ़ती जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ रहा है। 

इससे उस उद्योग में अनिश्चितता और बढ़ गई है, जहां विभिन्न कंपनियों के कर्मचारी पहले से ही कृत्रिम मेधा के कारण नौकरी जाने के खतरे का सामना कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सितंबर, 2026 में एच-1बी वीजा पर विदेशी कर्मचारियों को लाने के लिए नियोक्ताओं पर लगने वाले एक लाख डॉलर के शुल्क को एक साल के लिए बढ़ा दिया था। उन्होंने कहा था कि शुल्क लगाने के 2025 के फैसले से बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा एच-1बी पंजीकरण में 92 प्रतिशत की कमी आई है। भारतीय अब भी अमेरिकी एच-1बी वीजा कार्यक्रम के सबसे बड़े लाभार्थी समूह बने हुए हैं।

प्रमुख खबरें

मणिपुर हिंसा और चुनाव के बीच एनी कुकी ट्राइब्स का अनदेखा सच: 75 साल पुराना विवाद, जिस पर CIC ने मंत्रालय को दी सख्त चेतावनी

संसद की विशेष बैठक Delimitation आगे बढ़ाने की चाल, हिमाचल के मंत्री Chander Kumar का आरोप

Wedding फंक्शन में चार चांद लगा देंगे ये 7 खूबसूरत Peacock Bangles

Baingan Recipe: रोजाना वाले बैंगन को भूल जाएंगे, एक बार ट्राई करें स्पेशल रेसिपी