आईसीसी ने श्रीलंका से वापस लिया 2027 महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अधिकार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 31, 2026

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने श्रीलंका क्रिकेट के प्रशासन में सरकार के हस्तक्षेप के कारण 2027 में होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अधिकार श्रीलंका से वापस ले लिया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका को छह टीम वाले इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के पहले चरण की मेजबानी करनी थी। इसमें मेजबान श्रीलंका सहित कुल छह टीम शामिल होनी थीं।

’’ रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी अपनी अगली बोर्ड बैठक में टूर्नामेंट के नए आयोजन स्थल का फैसला कर सकता है। श्रीलंका से मेजबानी छिने जाने से क्रिकेट बोर्ड को आर्थिक नुकसान भी होने की संभावना है। फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट का प्रशासन सरकार द्वारा नियुक्त परिवर्तन समिति चला रही है।

इस समिति का गठन क्रिकेट बोर्ड में सुधार, संविधान में बदलाव और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी राजनीतिक रूप से नियुक्त अंतरिम प्रशासन को मान्यता नहीं देता और परिवर्तन समिति के कार्यभार संभालने के बाद से श्रीलंका क्रिकेट के प्रतिनिधियों को आईसीसी बोर्ड की बैठकों में शामिल होने की अनुमति भी नहीं दी गई है। जुलाई में जारी एक बयान में आईसीसी ने कहा था कि उसके बोर्ड को श्रीलंका क्रिकेट के बारे में संशोधित संविधान की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी दी गई है।

आईसीसी ने जल्द से जल्द चुनाव कराने की जरूरत भी दोहराई थी और कहा था कि फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट आईसीसी बोर्ड की बैठकों में प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेगा। टूर्नामेंट का आयोजन श्रीलंका से बाहर होने के कारण उसकी महिला टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने की संभावना भी बन गई है। मूल योजना के अनुसार टूर्नामेंट में शीर्ष पांच रैंकिंग वाली टीम और मेजबान देश शामिल होने थे।

फिलहाल श्रीलंका महिला टीम की रैंकिंग छठे स्थान पर है। यदि वह मेजबान नहीं रहती, तो उसकी सीधे टूर्नामेंट में जगह बनने की संभावना कम हो सकती है। यह पहली बार नहीं है जब आईसीसी ने श्रीलंका से किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी छीनी है।

2023 में आईसीसी ने 2024 अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी भी श्रीलंका से वापस ले ली थी। उस समय तत्कालीन खेल मंत्री ने श्रीलंका बोर्ड की निर्वाचित प्रशासनिक व्यवस्था को भंग करके एक अंतरिम समिति नियुक्त कर दी थी।

प्रमुख खबरें

निकाय चुनाव जीतने के लिए केवल परिसीमन पर निर्भर है भाजपा: टीकाराम जूली

नेपाल-चीन सीमा पर बाढ़ और भूस्खलन में फंसे महाराष्ट्र के 43 तीर्थयात्री सुरक्षित लौटे

थाईलैंड पर 94 रन की जीत के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शेफाली और दीप्ति को सराहा

महिला टी20 एशिया कप: भारत ने थाईलैंड को 94 रन से रौंदा, दीप्ति और शेफाली चमकीं