अगर फाइनल में दोबारा इंग्लैंड से खेले तो भगवान देगा हमारा साथ: रवि शास्त्री

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 09, 2019

मैनचेस्टर। भारत के कोच रवि शास्त्री का मानना है कि विश्व कप लीग चरण में मेजबान टीम के खिलाफ हार के दौरान भगवान इंग्लैंड के साथ था लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर टूर्नामेंट के फाइनल में दोनों टीमें दोबारा भिड़ती हैं तो वह उनके साथ होगा। भारत अगर पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हरा देता है तो खिताबी मुकाबले में उसका सामना आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। भारत ने लीग चरण में सात जीत के साथ शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इंग्लैंड एकमात्र टीम थी जिसने लीग चरण के दौरान भारत को हराया था। खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे इंग्लैंड ने करो या मरो के मुकाबले में भारत को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीद जीवंत रखी थी।

आईसीसी द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में शास्त्री ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उस दिन भगवान इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम में था। उम्मीद करता हूं कि अगर हम अगले मैच में इंग्लैंड से खेलेंगे तो वह हमारे ड्रेसिंग रूम में होगा।’’ शास्त्री ने टूर्नामेंट के मौजूदा शीर्ष स्कोरर रोहित शर्मा की भी जमकर तारीफ की जो टूर्नामेंट में पांच शतक जड़ चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘रोहित महानतम एकदिवसीय खिलाड़ियों में से एक है। वह इस प्रतियोगिता में रन बनाता या नहीं, वर्षों से उसके रिकार्ड पर नजर डालिए। एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में तीन दोहरे शतक।’’

इसे भी पढ़ें: पिछले चार वर्षों में आस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड का रिकार्ड बेहतर: रूट

शास्त्री ने कहा, ‘‘किसी ने ऐसा नहीं किया है। शीर्ष क्रम में उसने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उसकी फार्म हैरानी की बात नहीं है। इस तरह की फार्म में आने के लिए अगर वह विश्व कप को चुनता है तो कोच के रूप में मुझे खुशी होगी।’’ रोहित की फार्म का भारत को फायदा हुआ हैं। उन्होंने सेमीफाइनल से पहले लगातार तीन शतक जड़े हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में रोहित के शतक को उनके सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी प्रदर्शन में से एक बताते हुए शास्त्री ने कहा, ‘‘वह कड़ा विकेट था। गेंद समान गति से नहीं आ रही थी (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ)। इसलिए मैंने सोचा कि यह रोहित के सभी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय शतकों में विशेष पारी है। मुझे लगता है कि यह उसकी सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक है।’’

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal