IIFL Finance में 5,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी Blackstone, बोर्ड से मिली मंजूरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) आईआईएफएल फाइनेंस ने मंगलवार को तरजीही निर्गम के आधार पर 6,414 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की योजना की घोषणा की। इसमें वैश्विक निवेश कंपनी ब्लैकस्टोन 5,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जबकि कंपनी के प्रवर्तक 1,264 करोड़ रुपये और एंकरेज कैपिटल 150 करोड़ रुपये लगाएगी। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसके निदेशक मंडल ने मंगलवार को हुई बैठक में पूंजी जुटाने की योजना को मंजूरी दी।

हालांकि, प्रस्तावित निवेश के लिए नियामकीय और शेयरधारकों की मंजूरी लेनी होगी। ब्लैकस्टोन प्राइवेट इक्विटी 5,000 करोड़ रुपये का निवेश अनिवार्य रूप से परिवर्तनीय तरजीही शेयरों (सीसीपीएस) के जरिये करेगी। ये शेयर आवंटन के 18 महीने के भीतर 602 रुपये प्रति शेयर की दर से इक्विटी शेयरों में बदल जाएंगे।

आईआईएफएल फाइनेंस के प्रवर्तक निर्मल जैन एवं आर वेंकटरमण वारंट के तरजीही आवंटन के जरिये 1,264 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे, जबकि एंकरेज कैपिटल 150 करोड़ रुपये का प्राथमिक इक्विटी निवेश करेगी। कंपनी के मुताबिक, यह किसी सूचीबद्ध एनबीएफसी में निजी इक्विटी के जरिये होने वाले सबसे बड़े प्राथमिक निवेश में से एक है। एनबीएफसी ने कहा कि इस पूंजी निवेश से उसकी पूंजी पर्याप्तता अनुपात मौजूदा 17 प्रतिशत से बढ़कर करीब 30 प्रतिशत हो जाएगा।

इससे सुरक्षित ऋण कारोबार के विस्तार, खासकर स्वर्ण ऋण कारोबार को बढ़ावा देने और उधारी की लागत घटाने में मदद मिलेगी। कंपनी को ब्लैकस्टोन के वैश्विक नेटवर्क और प्रौद्योगिकी, डेटा तथा कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में उसकी विशेषज्ञता का लाभ मिलने की भी उम्मीद है। कंपनी के निदेशक मंडल में ब्लैकस्टोन के प्रतिनिधियों की प्रस्तावित नियुक्ति से निगरानी व्यवस्था मजबूत होने की बात कही गई है।

आईआईएफएल फाइनेंस के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक निर्मल जैन ने कहा कि ब्लैकस्टोन का निवेश कंपनी के कारोबार और उसकी वृद्धि की संभावनाओं में भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, कारोबार का विस्तार करने और बैंकों के साथ सह-ऋण साझेदारी बढ़ाने में मदद करेगी। ब्लैकस्टोन के वरिष्ठ प्रबंध निदेशक और मुख्य निवेश अधिकारी (भारत निजी इक्विटी) मुकेश मेहता ने कहा कि कंपनी आईआईएफएल फाइनेंस के प्रवर्तकों और प्रबंधन के साथ साझेदारी कर उसके आगे की वृद्धि में सहयोग देने को लेकर उत्साहित है।

प्रमुख खबरें

Aaryavir Sehwag के शतक से भारत Under-19 Asia Cup सेमीफाइनल में, UAE को 70 रन से दी मात

Rahul Gandhi की PM Modi को खुली बहस की चुनौती, Kiren Rijiju बोले अगला लक्ष्य दिमागी नक्सल

दोस्त बने रहेंगे... शादी के 13 साल बाद अलग हुए Pawan Kalyan और Anna Lezhneva

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चार दिवसीय शिवपुरी प्रवास के दौरान लगभग 134 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात