IIT Bombay छात्र साहिल वाकोडे मौत मामले में CBI या SIT जांच की मांग, बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 31, 2026

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मुंबई (आईआईटी-मुंबई) के दिवंगत छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता ने मुंबई उच्च न्यायालय का रुख कर अपने बेटे की मौत की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या विशेष जांच दल (एसआईटी) से स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है। रवींद्र और सोनाली वाकोडे द्वारा वकील हितेंद्र गांधी के माध्यम से दायर याचिका में कहा गया है कि उनके 20 वर्षीय बेटे ने जाति के आधार पर अपमानित किये जाने के बाद आत्महत्या कर ली। याचिका का सोमवार को उल्लेख किए जाने की संभावना है।

याचिका में संस्थान को यह निर्देश देने का भी अनुरोध किया गया है कि वे उस दिन के सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखें। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करें कि उस दिन, जब उनके बेटे ने आत्महत्या की, वहां मौजूद किसी भी छात्र या संकाय सदस्य को कोई प्रभावित न कर सके। आईआईटी-मुंबई के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की 18 सितंबर को मौत हो गई थी।

उसके माता-पिता का दावा है कि कुछ संकाय सदस्यों और निरीक्षक ने साहिल के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणियां की थीं, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। याचिका में माता-पिता ने बताया कि आईआईटी में कमरा मिलने के बाद, साहिल डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीर लगाना चाहता था, लेकिन उसके साथ कमरे में रहने वाले अन्य छात्रों ने उसे ऐसा न करने की सलाह दी। याचिका के अनुसार, जब साहिल ने अपने माता-पिता को यह बात बताई, तो उन्होंने भी उसे सलाह दी कि किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए वह तस्वीर न लगाए।

इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि साहिल को प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला की ओर से जाति-आधारित टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा था। 18 सितंबर को हुई परीक्षा के दौरान वह निरीक्षक भी थे।

प्रमुख खबरें

बदलते मौसम में बिना Gym जाए घर पर करें ये 5 Exercise, वजन रहेगा पूरी तरह कंट्रोल

Iran पर हमला हुआ तो हम तय करेंगे शर्तें, Mojtaba Khamenei ने US को दी खुली चेतावनी

KGMU धर्मांतरण मामले में UP सरकार सख्त, आरोपी डॉक्टरों और कर्मियों पर कार्रवाई के आदेश

Odisha के गिड़ीपबाली में Landslide के बाद 12 लोग लापता, 170 बचावकर्मी खोज में जुटे