By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 29, 2026
दिल्ली भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के निदेशक रंगन बनर्जी ने एमएससी के 31 वर्षीय छात्र की कथित आत्महत्या के बाद जारी विरोध प्रदर्शन के बीच ‘‘धमकी भरे नारे’’ लगाकर ‘‘परिसर के शांत वातावरण को बाधित करने वाले’’ विद्यार्थियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। बनर्जी ने कहा कि बृहस्पतिवार रात प्रदर्शन ‘‘काफी उग्र हो गया’’ और विरोध प्रदर्शन परिसर के आवासीय क्षेत्रों तक पहुंच गया। बनर्जी ने शुक्रवार को विद्यार्थियों को भेजे एक ईमेल में लिखा कि प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने रात साढ़े 10 बजे से साढ़े 12 बजे के बीच शिक्षकों के आवासीय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी के दौरान ‘‘अपमानजनक और धमकी भरी भाषा’’ का इस्तेमाल किया।
आईआईटी दिल्ली ने छात्र की मौत की परिस्थितियों की जांच के लिए गठित बाहरी जांच समिति का बृहस्पतिवार को पुनर्गठन किया, जिसकी प्रमुख दिल्ली उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश मुक्ता गुप्ता को बनाया गया है। संस्थान के परिसर में 22 अगस्त को एक इमारत से कूदकर छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।