IIT Kharagpur में बोले PM Modi, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लें छात्र

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 21, 2026

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत ने पिछले 12 वर्ष में दिखाया है कि देश सोच की सीमाओं को तोड़कर अपनी क्षमताओं को पहचान सकता है, नए अवसर पैदा कर सकता है और गरीबों को सशक्त बना सकता है। मोदी ने देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने ‘‘सीमाएं तोड़ने और नयी संभावनाओं के द्वार खोलने’’ का अपना संकल्प स्पष्ट रूप से व्यक्त कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘देश को अपनी क्षमताओं का एहसास तभी होता है, जब वह अपनी सीमाएं तोड़ता है और नयी संभावनाओं के द्वार खोलता है।’’ 

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्ष में उनकी सरकार ने मौजूदा सीमाओं को तोड़ने और गरीबों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, ‘‘पहले गरीबी हटाने की लाल किले से केवल बातें की जाती थीं लेकिन फाइलें बनाने के अलावा कुछ नहीं किया गया।’’ मोदी ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12-13 वर्ष में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने इसे देश के दृष्टिकोण और सोच में आए बदलाव का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, ‘‘देश को अपनी क्षमताओं का पता तभी चलता है, जब वह सोच की सीमाओं को तोड़ता है। 

पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यही करके दिखाया है।’’ मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल ऐसी धरती है, जहां विचारों को मजबूती मिली और राष्ट्रीय आंदोलनों ने आकार लिया। उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर उस स्थान पर स्थित है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को हिरासत में रखने के लिए एक शिविर था। उन्होंने विद्यार्थियों से इस स्थान पर हिरासत में रखे गए स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, विचारों और गतिविधियों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा, ‘‘कल्पना कीजिए कि यहां रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी दिनभर किन विषयों पर बातचीत करते होंगे और क्या सोचते होंगे।’’ 

उन्होंने कहा कि उन स्वतंत्रता सेनानियों के विचार और बलिदान आज भी पीढ़ियों को प्रेरित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि संस्थान ने अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं और इस दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि इन दशकों में भारत में भी जबरदस्त बदलाव आया है और देश ‘‘बैलगाड़ियों से बुलेट ट्रेन तक तथा डाक से भेजे जाने वाले पत्रों से सोशल मीडिया संदेशों के‘‘ दौर तक पहुंच गया है। 

मोदी ने कहा कि भारत जब ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तब आईआईटी खड़गपुर का 75 वर्ष का अनुभव देश के विकास और नवोन्मेष के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी के विकास में संस्थान का योगदान भारत के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण होगा।

प्रमुख खबरें

Rockwell Automation के Chennai प्लांट्स से Semiconductor जैसे अहम सेक्टर को सप्लाई: साहनी

Adani Energy Solutions को पश्चिम बंगाल में मिला 2500 MW Green Energy सप्लाई का बड़ा ऑर्डर

Meta ऑफिस में तोड़फोड़ पर भड़की BJP, Congress को बताया गुंडों की पार्टी

Kane Williamson के संन्यास के फैसले का सम्मान, उनकी जगह लेना मुश्किल: Gavin Larsen