IMF दल श्रीलंका आएगा, ऋण समझौते पर श्रीलंका की नई सरकार के साथ करेगा चर्चा

By Prabhasakshi News Desk | Oct 01, 2024

कोलंबो । अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) का उच्च स्तरीय दल बुधवार को श्रीलंका पहुंचेगा और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके नीत सरकार के साथ नवीनतम आर्थिक सुधारों पर चर्चा करेगा। आईएमएफ ने 24 सितंबर को कहा था कि वह श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके नीत नई सरकार के साथ बातचीत शुरू करेगा। साथ ही वह 48 महीने के कर्ज के तहत जारी आर्थिक सुधारों की तीसरी समीक्षा के समय पर चर्चा करेगा। पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे नीत सरकार जुलाई में राष्ट्रपति चुनाव की घोषणा के समय 2.9 अरब अमेरिकी डॉलर की तीसरी किस्त जारी करने के लिए आईएमएफ के साथ बातचीत कर रही थी। 

यह बैठक 2.9 अरब अमेरिकी डॉलर की ऋण सुविधा की चौथी किस्त जारी करने के मुद्दे के लिए महत्वपूर्ण होगी। चुनाव के कारण तीसरी समीक्षा और चौथी किस्त को जारी करने से रोक दिया गया था। इससे पहले तीसरी समीक्षा पूरी होने के बाद चौथी किस्त इस साल दिसंबर में जारी करने की योजना थी। आईएमएफ के दौरे से पहले सोमवार को सरकारी नीति निर्माताओं ने कहा कि राष्ट्रीय विमानन कंपनी श्रीलंकन ​​एयरलाइंस के पुनर्गठन की योजना को टाल दिया गया है। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। घाटे में चल रही सरकारी कंपनियों के संबंध में आईएमएफ की ‘गवर्नेंस डायग्नोस्टिक रिपोर्ट’ में विमानन कंपनी के पुनर्गठन का मुद्दा भी शामिल था।

प्रमुख खबरें

Ram Mandir का मुख्य निर्माण पूरा, International Ramkatha Museum के लिए 10 अक्टूबर से टेंडर

वैश्विक दबाव में Sensex 778 अंक टूटा, Nifty 23,119 के करीब बंद

Bangladesh और China के बीच नए Economic Corridor पर चर्चा, म्यांमार के रास्ते कनेक्टिविटी की तैयारी

दुष्कर्म पीड़िता पर जबरन मातृत्व थोपना गरिमा से जीने के अधिकार का हनन, Delhi High Court ने 30 हफ्ते का गर्भ गिराने की दी मंजूरी