पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की ‘हाइब्रिड मॉडल’ संबंधी टिप्पणी की इमरान खान ने आलोचना की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 26, 2025

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की देश में ‘हाइब्रिड मॉडल’ वाली टिप्पणी का जिक्र करते हुए बुधवार को कहा कि पाकिस्तान में इस समय ‘‘पूर्ण सैन्य शासन और तानाशाही है, न कि हाइब्रिड सिस्टम’’।

जेल में बंद खान के आधिकारिक ‘एक्स’ खाते से किए गए पोस्ट में आसिफ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा गया, ‘‘इस समय पाकिस्तान में कोई ‘हाइब्रिड सिस्टम’ नहीं है। हम जो देख रहे हैं वह पूर्ण सैन्य शासन और तानाशाही है।’’

पोस्ट में 18 जून को ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का कार्यालय एवं आधिकारिक आवास) में ट्रंप के साथ मुनीर की बैठक का जिक्र करते हुए कहा गया, ‘‘पाकिस्तान में सैन्य शासन का एक स्पष्ट उदाहरण यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने (प्रधानमंत्री) शहबाज शरीफ या (राष्ट्रपति) आसिफ अली जरदारी के बजाय जनरल असीम मुनीर से मिलना चुना, क्योंकि उन्हें भी पता है कि सारी ताकत मुनीर के पास है।’’

अगस्त 2023 से जेल में बंद खान के ‘एक्स’ खाते से पोस्ट कर कहा गया, ‘‘इसलिए मैंने हमेशा कहा है कि बातचीत उन लोगों के साथ होनी चाहिए जिनके पास वास्तविक अधिकार हैं।’’

रक्षा मंत्री ने 20 जून को कहा था कि देश में ‘‘हाइब्रिड मॉडल’’ के तहत शासन किया जा रहा है, जिसमें सेना के पास सत्ता का बड़ा हिस्सा है। आसिफ सत्तारूढ़ पीएमएल-एन के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के करीबी सहयोगी हैं।

प्रमुख खबरें

ठाणे पुलिस ने Pradeep Purnekar मर्डर केस में यूपी कोर्ट से दो संदिग्धों का Transit Remand मांगा

Sonam Wangchuk ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी की निंदा की, दी भूख हड़ताल की चेतावनी

Rajasthan Police ANTF ने नेपाल सीमा से दबोचा 75 हजार का इनामी तस्कर सोहनलाल

Delhi में DTC बसों में 2,947 मार्शल तैनात, महिलाओं की सुरक्षा के लिए 56 विशेष बसें