Uttarakhand Election 2022: अगले पांच साल में उत्तराखंड में सड़कों का नेटवर्क अमेरिका जैसा होगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 10, 2022

देहरादून। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि उत्तराखंड में अगले पांच साल में सड़कों का नेटवर्क अमेरिका की सड़कों की तरह ही अच्छा हो जाएगा। उत्तराखंड में 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र दृष्टिपत्र—2022 जारी करने के बाद गडकरी ने अपने संबोधन में कहा कि 12,500 करोड़ रुपये की लागत वाली 825 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना इस साल दिसंबर तक पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘हर मौसम में हिमालयी मंदिरों के लिए तीर्थयात्रा सुरक्षित बनाने के साथ ही यह परियोजना उत्तराखंड के लोगों के लिए जीवनरेखा का काम करेगी।’’ केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने एक भी पेड़ नहीं काटने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘परियोजना के लिए कोई पेड़ काट नहीं जाएगा, बल्कि उन्हें दूसरी जगह लगाया जाएगा।’’

इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड में बोले जेपी नड्डा, PM मोदी का यहां से है विशेष लगाव, त्रासदी में कांग्रेस ने खाई थी मलाई

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गंगा नदी को फिर से स्वच्छ बनाने के लिए शुरू की गयी ‘नमामि गंगे परियोजना’ के प्रभारी रहते उन्होंने गंगा किनारे बसे शहरों में सीवेज शोधन संयंत्र बनवाए और सीवेज लाइनें बिछवाईं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सात स्थानों पर रोपवे परियोजनाएं बनायी जा रही हैं जिनसे पर्यटन को बढावा मिलेगा। इस संबंध में उन्होंने बताया कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोपवे परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है जबकि पांच अन्य की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने पर काम चल रहा है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इनका श्रेय राजनीतिक नेताओं को नहीं बल्कि उत्तराखंड की जनता को जाता है जिन्होंने भाजपा को सेवा का मौका दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में विकास जारी रखने के लिए आगामी चुनावों में जनता एक बार फिर भाजपा को वोट देगी।

प्रमुख खबरें

NSE ने अपने IPO से पहले SEBI के साथ को-लोकेशन मामला 1,491 करोड़ रुपये में निपटाया

Delhi में Credit Card के नाम पर ठगी, निजी बैंक के कर्मचारी समेत दो गिरफ्तार

Indian Oil को पहली तिमाही में 2,661.37 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ

Delhi में DTC बसों की गुलाबी टिकट सुविधा 15 अगस्त तक बढ़ी, 16 से Pink Saheli कार्ड अनिवार्य