Haryana । निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद का गुरुग्राम में दिल का दौरा पड़ने से निधन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 26, 2024

गुरुग्राम। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद का शनिवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आज सुबह लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद 45 वर्षीय विधायक राकेश दौलताबाद को उनके फार्म हाउस में दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार यहां पालम विहार में मणिपाल अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि शाम को उनका दौलताबाद गांव के स्वर्ग आश्रम में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 

दौलताबाद के परिवार में उनके पिता जिले सिंह, माता रोशनी देवी, पत्नी कुमुदनी, बेटे मिलिंद जांघू और देव जांघू हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दौलताबाद के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से बहुत कम उम्र में लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा,“हरियाणा के विधायक राकेश दौलताबाद जी के आकस्मिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने बहुत ही कम उम्र में लोगों के बीच एक अलग पहचान बनाई थी। उनका जाना प्रदेश की राजनीति के लिए एक बड़ा नुकसान है। ईश्वर शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों को संबल प्रदान करे। ओम शांति!” 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दौलताबाद के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उनके निधन से राज्य की राजनीति में एक रिक्तता उत्पन्न हो गई है। सैनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बादशाहपुर के विधायक के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर दुखी और स्तब्ध हूं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि दौलताबाद की आकस्मिक मृत्यु ने राज्य की राजनीति में एक रिक्तता उत्पन्न कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री खट्टर ने भी दौलताबाद के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बादशाहपुर से विधायक श्री राकेश दौलताबाद के अचानक निधन से दुखी और स्तब्ध हूं।” 

खट्टर ने कहा कि हरियाणा विधानसभा ने एक युवा और ऊर्जावान सदस्य खो दिया और राज्य की राजनीति में दौलताबाद को हमेशा याद रखा जाएगा। केंद्रीय मंत्री और गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने भी दौलताबाद के निधन पर दुख जताया और कहा कि दौलताबाद ने युवाओं के लिए नई राह बनाने के लिए संघर्ष किया और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की। ​​राव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ हैं। 

इसे भी पढ़ें: Lok Sabha Election : बठिंडा सीट पर कांटे की टक्कर, चौथी बार चुनाव लड़ रहीं हरसिमरत कौर

कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी शैलजा, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अभय सिंह चौटाला और जननायक जनता पार्टी (जजपा) के दुष्यंत चौटाला ने भी विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल करनाल व रानिया विधानसभा सीट खाली होने की वजह से कुल 88 विधायक थे। दौलताबाद के निधन के बाद विधानसभा के सदस्यों की संख्या घटकर 87 रह गई है।

प्रमुख खबरें

US Presidential Election 2028 | राष्ट्रपति चुनाव के लिए जेडी वेंस को समर्थन देने पर डोनाल्ड ट्रंप का टालमटोल, कहा- अभी बहुत जल्दी है

BJP के प्रमुख रणनीतिकार Amit Shah का 62वां जन्मदिन, RSS से Union Cabinet तक का सफर

वैश्विक दबाव में Sensex 678 अंक लुढ़का, Nifty भी 22,568 पर फिसला

शेयर बाजार में गिरावट और कच्चे तेल के दबाव से Rupee 12 पैसे फिसला, 94.50 प्रति डॉलर पर