By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 23, 2026
केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल जैसे सीनियर टीम के खिलाड़ी भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच शनिवार से यहां शुरू होने वाले पहले चार दिवसीय मैच में अच्छा प्रदर्शन करके अगले महीने होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला के लिए अपनी तैयारी को पुख्ता करने की कोशिश करेंगे। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की अगुवाई में भारत ए टीम बर्ट सटक्लिफ ओवल स्टेडियम में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस मैच से भारतीय खिलाड़ियों को 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला से पहले परिस्थितियों को समझने का अच्छा मौका मिलेगा।
उनके स्थान पर विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को दौरे के पहले दो मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया था। तीसरे मैच में पंत की उपलब्धता पर फैसला बाद में लिया जाएगा। कप्तान जुरेल विकेटकीपिंग के विकल्प के तौर पर उपलब्ध हैं। भारतीय सीनियर टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक इन तीन अनौपचारिक टेस्ट मैचों के महत्व को अच्छी तरह समझते थे। कोटक ने कहा, ‘‘ भारत ए श्रृंखला का काफी महत्व है क्योंकि इसमें टेस्ट खेलने वाले कई खिलाड़ी शामिल हैं तथा कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो टीम में जगह बनाने की राह पर हैं और मौके का इंतजार कर रहे हैं।
भारत ए श्रृंखला से निश्चित रूप से टेस्ट श्रृंखला के लिए तैयारी करने में काफी मदद मिलेगी।’’ भारत की टेस्ट टीम में शामिल आकाश दीप भी उन गेंदबाजों में शामिल होंगे जो लय और मैच फिटनेस हासिल करने की कोशिश करेंगे। कुछ सीनियर खिलाड़ियों की हालांकि भारत ए की तरफ से सभी तीनों मैच में खेलने की संभावना नहीं है क्योंकि वह चार नवंबर से शुरू होने वाली वनडे श्रृंखला का हिस्सा हैं। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच दूसरा अनौपचारिक टेस्ट मैच 31 अक्टूबर से तीन नवंबर तक क्राइस्टचर्च में जबकि तीसरा मैच सात से 10 नवंबर तक लिंकन में होगा।
न्यूजीलैंड भी इस श्रृंखला में अपने कुछ खिलाड़ियों को परखना चाहेगा। उसने इस श्रृंखला के लिए कुल 19 खिलाड़ियों का चयन किया है। कैंटरबरी के रीस मारियू पहले दो मैचों में न्यूजीलैंड ए की कप्तानी करेंगे, जबकि तीसरे मैच के लिए कप्तान का फैसला बाद में किया जाएगा। इस टीम में आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मैट फिशर, मिच हे, जेडन लेनोक्स, बेन लिस्टर, हेनरी निकोल्स और टिम रॉबिन्सन शामिल हैं जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं। इनमें से कुछ खिलाड़ी पहले मैच में भी खेलते हुए नजर आएंगे।
टीम इस प्रकार हैं
भारत ए: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, औकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार।
न्यूजीलैंड ए: रीस मारियू (कप्तान), मैट बॉयल, मैक्स चू, क्रिस्टियन क्लार्क, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैक गिब्सन, मिच हे (विकेटकीपर), कर्टिस हीफी, साइमन कीन, जेडन लेनोक्स, जारोड मैके, टिम रॉबिन्सन, फ्रेजर शीट।