भारत ने पाकिस्तान से लश्कर संस्थापक हाफिज सईद को प्रत्यर्पित करने को कहा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 30, 2023

भारत ने पाकिस्तान से 2008 के मुंबई आतंकी हमलों समेत ऐसे अनेक मामलों में वांछित लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद को प्रत्यर्पित करने को कहा है। हाफिज सईद कई आतंकी मामलों में भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा वांछित है। भारत ने सईद के बेटे तल्हा सईद के पाकिस्तान में चुनाव लड़ने की खबरों पर भी गौर किया और कहा कि उस देश में कट्टरपंथी आतंकवादी संगठनों को मुख्यधारा में आना कोई नयी बात नहीं है और यह लंबे समय से उसकी सरकारी नीति का हिस्सा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि आतंकवादी के प्रत्यर्पण के लिए कुछ दस्तावेजों के साथ पिछले दिनों इस्लामाबाद को अनुरोध भेजा गया। बागची ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि हाल में प्रत्यर्पण के लिए अनुरोध भेजा गया था।

सईद के बेटे के पाकिस्तान में चुनाव लड़ने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर बागची ने कहा कि उस देश में कट्टरपंथी आतंकवादी संगठनों का मुख्यधारा में आना कोई नयी बात नहीं है। बागची ने कहा, हमने इस संबंध में कुछ खबरें देखी हैं। यह एक आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी देश के आंतरिक मुद्दों पर आमतौर पर टिप्पणी नहीं करते हैं। उन्होंने कहा, पाकिस्तान में चरमपंथी आतंकवादी संगठनों का मुख्यधारा में शामिल होना कोई नयी बात नहीं है और लंबे समय से यह उसकी सरकारी नीति का हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा, इस तरह के घटनाक्रम का क्षेत्रीय सुरक्षा पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। हम निश्चित रूप से उन सभी घटनाक्रम पर नजर रखेंगे, जिनका हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा पर प्रभाव पड़ता है।

हाफिज सईद के प्रत्यर्पण के भारत के अनुरोध के संबंध में संवाददाताओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इस्लामाबाद को अनुरोध मिल गया है। अधिकारी ने कहा, पाकिस्तान को भारतीय अधिकारियों से एक अनुरोध मिला है, जिसमें तथाकथित धनशोधन मामले में हाफिज सईद के प्रत्यर्पण की मांग की गई है। प्रवक्ता ने कहा, यह गौर करना उचित होगा कि पाकिस्तान और भारत के बीच कोई द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि नहीं है।

प्रमुख खबरें

Prashant Bhushan के सत्ता परिवर्तन वाले बयान पर BJP का पलटवार, नितिन नवीन बोले- बेनकाब हुआ विपक्ष का एजेंडा

स्वायत्त AI Agents से सुरक्षा पर CERT-In की चेतावनी, सरकारी सूत्रों ने कहा कोई बड़ा डेटा समझौता नहीं हुआ

Delhi में 1 नवंबर से पुराने व्यावसायिक वाहनों की एंट्री बंद, Gurugram Traffic Police ने जारी की एडवाइजरी

TMC के प्रतिद्वंद्वी गुटों के दावों पर Election Commission 30 अक्टूबर को करेगा सुनवाई