Abhishek Sharma के तूफानी 82 रन से India ने Afghanistan को 7 विकेट से रौंदा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 13, 2026

भारतीय टीम ने अर्शदीप सिंह की सटीक गेंदबाजी के बाद अभिषेक शर्मा (82 रन) के धमाकेदार अर्धशतक से रविवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में अफगानिस्तान पर सात विकेट की आसान जीत से तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अभिषेक ने 32 गेंद की आक्रामक पारी के दौरान सात छक्के और इतने ही चौके जमाए। उन्होंने ईशान किशन (42 रन, पांच चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 गेंद में 121 रन की शतकीय साझेदारी निभाई जिससे भारत ने 157 रन का लक्ष्य महज 13.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

फिरोज शाह कोटला की सपाट पिच पर बल्लेबाजी के लिए कोई खास मुश्किल नहीं थी। अभिषेक ने आसानी से अफगानिस्तान के गेंदबाजों के खिलाफ शॉट लगाए जिसकी शुरूआत पहले ही ओवर में फजलहक फारूकी की ओवर पिच गेंद पर डीप एक्स्ट्रा कवर में छक्का लगाकर की। सैमसन के आउट होने के बाद अभिषेक ने उमरजई पर दर्शकदीर्घा में गेंद भेजकर अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ा।

अभिषेक ने अपनी पारी का तीसरा छक्का फारूकी पर मिडविकेट पर लगाया। उन्होंने अपना 12वां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक महज 22 गेंद में पूरा कर लिया। दूसरे छोर पर खड़े ईशान ने भी प्रेरणा लेते हुए फारूकी पर एक छक्का जड़ दिया।

जब अफगानिस्तान के स्पिनर गेंदबाजी करने आए, तब तक अभिषेक पूरी तरह मैच पर हावी हो चुके थे। नूर अहमद सही लाइन एवं लेंथ में गेंदबाजी नहीं कर सके जिसका अभिषेक ने भरपूर फायदा उठाया। वह आउट होने से पहले सात छक्के और इतने ही चौके लगा चुके थे।

उनके आउट होने के बाद भारत को जीत के लिए महज 17 रन की जरूरत थी। इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने अफगानिस्तान की पारी में कुछ शानदार गेंदें फेंकीं, लेकिन अर्शदीप ने कमाल की गेंदबाजी की। पहले 10 ओवर तक दोनों स्पिनरों वरुण चक्रवर्ती (16 रन देकर एक विकेट) और अक्षर पटेल (27 रन देकर एक विकेट) ने नियंत्रण बनाए रखा।

इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई (44 गेंद में नाबाद 64 रन) और मोहम्मद नबी (27 गेंद में 33 रन) ने छठे विकेट के लिए 83 रन जोड़कर अफगानिस्तान का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। बुमराह (26 रन देकर एक विकेट) ने पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की और 16 डॉट गेंदें फेंकीं। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व स्टार रहमानुल्लाह गुरबाज (शून्य) को ऐसी गेंद पर आउट किया जो बल्लेबाज के बल्ले का किनारा लेकर पहली स्लिप में खड़े अभिषेक शर्मा के हाथों में चली गई जिन्होंने शानदार नीचा कैच पकड़ा।

दूसरी ओर अर्शदीप ने गेंद की गति में बदलाव और ‘वैरिएशन’ का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए अहम मौकों पर विकेट हासिल किए। इब्राहिम जदरान (13) और सेदिकुल्लाह अटल (11) ने कुछ अच्छे शॉट लगाए। लेकिन गफलत के कारण अफगानिस्तान के कप्तान को अपना विकेट गंवाना पड़ा।

अर्शदीप ने अफगान बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने अटल को वाइड यॉर्कर डाली लेकिन ‘फ्लाई’ स्लिप पर खड़े बुमराह ने आसान कैच लपक लिया। गुलबदीन नायब (02) ने अक्षर की गेंद पर एक खराब इनसाइड-आउट शॉट खेला और नीतिश रेड्डी के हाथों कैच आउट हो गए।

इसके बाद वरुण ने लगातार स्टंप को निशाना बनाते हुए आक्रामक गेंदबाजी की और दार्विश रसूली (02) का विकेट लिया। इससे सात ओवर में अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 43 रन हो गया। लेकिन इस स्कोर तक पहुंचाने का श्रेय अजमतुल्लाह को जाता है जिन्होंने भारतीय गेंदबाजी की कमजोर कड़ी नीतिश रेड्डी को निशाना बनाया और उनके खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की।

अर्शदीप ने अपने दूसरे स्पेल में खतरनाक मोहम्मद नबी को छक्का खाने के तुरंत बाद क्लीन बोल्ड कर दिया। नबी के आउट होने के बाद राशिद खान (10 गेंद पर एक रन) अर्शदीप की गेंद पर डीप में कैच आउट हो गए। इसके बाद उमरजई ने शिवम दुबे पर लगातार दो छक्के लगाए।

आखिरी ओवर में 21 रन बने और इस तरह ‘मेजबान’ अफगानिस्तान ने 150 से अधिक का स्कोर सुनिश्चित कर लिया।

प्रमुख खबरें

Women Asia Cup Final में भारत ने श्रीलंका को 72 रन से रौंदा, रिकॉर्ड 8वीं बार जीता खिताब

Team India ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया, कप्तान Shreyas Iyer ने की खिलाड़ियों की तारीफ

India Afghanistan T20: अरुण जेटली स्टेडियम में पहली बार राष्ट्रगान से पहले बजा वंदे मातरम्

Kanpur में व्यापारी की हत्या का आरोपी Sanjay Dhaba पुलिस एनकाउंटर में घायल होकर गिरफ्तार