भारत ने आस्ट्रेलिया को 137 रन से हराया, श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बनाई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 30, 2018

मेलबर्न। भारत ने सात दशक में आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहली टेस्ट श्रृंखला जीतने की ओर मजबूत कदम बढ़ाते हुए रविवार को तीसरे क्रिकेट टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन यहां 137 रन की जीत के साथ बोर्डर-गावस्कर ट्राफी अपने पास बरकरार रखी।भारत ने चार मैचों की श्रृंखला में 2-1 की अजेय बढ़त बना ली है और अगर सिडनी में श्रृंखला बरबार भी हो जाती है तो प्रतिष्ठित बोर्डर गावस्कर ट्राफी भारत के पास बरकरार रहेगी क्योंकि उसने 2017 में दोनों टीमों के बीच पिछली घरेलू श्रृंखला जीती थी। भारत के 399 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आस्ट्रेलिया की टीम लंच के बाद के सत्र में 261 रन पर ढेर हो गई। बारिश के कारण सुबह के सत्र में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। भारत ने अंतिम दिन सिर्फ 4.3 ओवर में बाकी बचे दो विकेट चटकाकर जीत की औपचारिकता पूरी की।

आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे पैट कमिंस ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 63 रन बनाए। शान मार्श (44), ट्रेविस हेड (34), उस्मान ख्वाजा (33) और टिम पेन (26) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे।मैच के अंतिम दिन सुबह के सत्र में बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। आस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत आठ विकेट पर 258 रन से की। दूसरे सत्र में खेल शुरू होने पर बुमराह ने चौथे ओवर में कमिंस को दूसरी स्लिप में चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच कराया जबकि अगले ओवर में इशांत ने नाथन लियोन (07) को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराके भारत को जीत दिलाई। लियोन के रूप में पंत ने श्रृंखला में 20वां शिकार बनाया। वह किसी टेस्ट श्रृंखला में भारत की ओर से सबसे सफल विकेटकीपर बन गए हैं। पंत ने नरेन तम्हाने और सैयद किरमानी का रिकार्ड तोड़ा। इन दोनों के ही नाम पर किसी श्रृंखला में सर्वाधिक 19-19 विकेट दर्ज थे। 

यह भी पढ़ें: भारत 150वीं टेस्ट जीत दर्ज करने वाला पांचवां देश बना

तम्हाने ने पाकिस्तान के खिलाफ 1954-55 में पांच मैचों की श्रृंखला जबकि किरमानी ने भी पाकिस्तान के खिलाफ ही 1979-80 में छह मैचों की श्रृंखला के दौरान यह उपलब्धि हासिल की थी।विराट कोहली ने भारतीय कप्तान के रूप में 45वें मैच में टीम की अगुआई करते हुए 26वीं जीत दर्ज की। भारतीय कप्तान के रूप में उनके अधिक जीत अब सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर दर्ज है जिनकी अगुआई में भारत ने 60 टेस्ट खेले और इनमें से टीम 27 मैचों में जीत दर्ज करने में सफल रही।कोहली की कप्तानी में विदेशी सरजमीं पर यह भारत की 11वीं जीत है। इस जीत के साथ कोहली ने सौरव गांगुली के रिकार्ड की बराबरी कर ली जिनकी अगुआई में भारत ने विदेशी सरजमीं पर इससे पहले सर्वाधिक 11 टेस्ट जीते थे।

प्रमुख खबरें

Mohammed Shami का खुलासा: Yuvraj Singh के सामने कांपने लगी थी आवाज, Dressing Room का वो अनसुना किस्सा

Gurnoor Brar को लेकर Zaheer Khan की बड़ी भविष्यवाणी, बताया क्यों यह गेंदबाज बनेगा Team India का गेमचेंजर

Silver Hallmarking में भारी उछाल: देशभर में नए केंद्रों के साथ Bureau of Indian Standards करेगा बड़ा विस्तार

Income Tax अलर्ट: REIT-InvIT से होने वाली कमाई पर बदल गए नियम, ITR फाइलिंग में रखें खास ध्यान