Asia Cup 2025 के फाइनल में 'तिलक' की आंधी में उड़ा पाकिस्तान, भारत ने 9वीं बार जीता खिताब

By Kusum | Sep 29, 2025

एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांच देखने को मिला। दुबई में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर 9वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। पाकिस्तान टीम की बेहतरीन शुरुआत के बाद बड़ा स्कोर नहीं बना पाया और टीम 19.1 ओवर में 146 रनों पर ढेर हो गई। टीम इंडिया ने दो गेंद पहले पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

भारत को आखिरी ओवर में दस रन की जरूरत थी और विवादों से घिरे रहने वाले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ के हाथ में गेंद थी। तिलक ने दूसरी गेंद पर छक्का लगाया और चौथी गेंद पर रिंकू सिंह ने चौका जड़कर स्टेडियम में मौजूद भारतीय दर्शकों के साथ टीवी के आगे नजरें गड़ाये बैठे प्रशंसकों को जश्न में सराबोर कर दिया। 

जीत के लिये 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरूआत खराब रही थी और पहले पांच ओवर में 20 रन के भीतर तीन विकेट गिर गए थे। इसके बाद तिलक ने एक मोर्चा संभालकर 53 गेंद में नाबाद 69 रन बनाये जबकि संजू सैमसन (24) और शिवम दुबे (21 गेंद में 33 रन) ने उनका पूरा साथ दिया। फाइनल से पहले मैदान से बाहर के तनाव के बीच सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर की इस टीम ने फॉर्म में चल रहे बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बावजूद बेखौफ खेल दिखाया और दबाव को हावी नहीं होने दिया। 

पहले कुलदीप यादव ने चार विकेट लेकर पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रन पर समेट दिया और उसके बाद तिलक ने अपनी पारी से टीम को जीत तक पहुंचाया। उन्होंने संजू सैमसन के साथ 57 और शिवम दुबे के साथ 64 रन की साझेदारी की। मैच का निर्णायक पल राऊफ का 15वां ओवर था जिसमें भारतीय बल्लेबाजों ने 17 रन निकाले। 

सुपर 4 चरण में भारतीय प्रशंसकों को भड़काऊ इशारे करने वाले राऊफ ने 3.4 ओवर में 50 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला। इससे पहले अभिषेक शर्मा (पांच) जल्दी आउट हो गए। पाकिस्तान के लिये नयी गेंद संभालने वाले शाहीन शाह अफरीदी और फहीम अशरफ ने धीमी गेंदें डाली जिसका फायदा मिला। सूर्यकुमार (एक) और शुभमन गिल (12) के आउट होने के बाद भारतीय खेमे में सन्नाटा पसर गया। इसके बाद संजू और तिलक ने पारी को संभाला। संजू ने सईम अयूब को छक्का जड़ा लेकिन अबरार की गेंद पर विकेट गंवा बैठे। इससे पहले कुलदीप यादव की अगुआई में स्पिन तिकड़ी के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत ने पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रन पर आउट कर दिया। 

हार्दिक पंड्या के बगैर उतरी भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन पाकिस्तान ने काफी आक्रामक शुरूआत की। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (38 गेंद में 57 रन) और फखर जमां (35 गेंद में 46 रन) ने दसवें ओवर तक 84 रन की साझेदारी कर ली थी। आखिरी दस ओवर में हालांकि भारतीय स्पिनरों ने उन्हें पूरी तरह दबाव में ला दिया। कुलदीप ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिये जबकि अक्षर पटेल ने चार ओवर में 26 और वरूण चक्रवर्ती ने 30 रन देकर दो दो विकेट चटकाये। एक समय पर पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 113 रन था जब फखर और सईम अयूब क्रीज पर थे। इसके बाद पाकिस्तानी पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। 

भारत ने आखिरी नौ विकेट 33 रन के भीतर चटका दिये। जसप्रीत बुमराह ने 3.1 ओवर में 25 रन देकर दो विकेट लिये। बुमराह ने बीसवें ओवर की पहली गेंद पर हारिस रऊफ को बोल्ड करने के बाद विमान गिरने के जैसा इशारा करते हुए उन्हें विदाई दी। पिछले मैच में रऊफ ने भारतीय प्रशंसकों की ओर भड़काऊ इशारे किये थे। भारतीय स्पिनरों ने आखिरी दस ओवरों में मैच की तस्वीर पलट दी। सभी ने धीमी गेंदबाजी करते हुए बाहर की तरफ गेंदें डाली। पाकिस्तान ने शुरूआत बहुत अच्छी की थी और दोनों सलामी बल्लेबाजों ने ढीली गेंदों को नसीहतें दी। 

भारत को पावरप्ले में हार्दिक की कमी खली। फरहान ने पिछले दो मैचों की ही तरह बुमराह को बखूबी खेला। शिवम दुबे को भी पहले दो ओवरों में चौके लगे। पाकिस्तान ने पावरप्ले का पूरा इस्तेमाल करके 45 रन बनाये और एक भी विकेट नहीं गंवाई। फरहान ने वरूण , कुलदीप और अक्षर को एक एक छक्का जड़ा जबकि फखर ने कुलदीप को स्लॉग स्वीप पर छक्का लगाया। फखर ने 50 रन 35 गेंद में पूरे किये लेकिन जश्न नहीं मनाया। ब्रेक के बाद वरूण ने फरहान को डीप मिड विकेट पर तिलक के हाथों लपकवाया। सईम और फखर स्कोर को 113 रन तक ले गए जिसके बाद कोई बल्लेबाज योगदान नहीं दे सका। 

प्रमुख खबरें

Manik Saha ने पूरा किया वादा: Judo Star Asmita Dey को मिला 10 लाख का Check और अगरतला में अपना घर

Commonwealth Fencing Championship: लागोस में Team India का दबदबा, तीसरे दिन 3 Gold समेत जीते 5 पदक

England Test Captain Joe Root ने खिलाड़ियों पर से हटाया Night Curfew, कहा- अपनी Responsibility खुद समझें Team Members

India vs Sri Lanka Test: Washington Sundar के बाहर होने से Team India की बढ़ी मुश्किलें, लगा बड़ा झटका