तीसरे T20 में India ने West Indies को 14 रन से मात देकर बनाई 2-1 की बढ़त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 11, 2026

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक के बाद अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने रविवार को यहां वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 14 रन से हराकर पांच मैच की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली। भारत के 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम शिमरोन हेटमायर (43 रन, 26 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और कामिल पूरन (42 रन, 27 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की उम्दा पारियों के बावजूद सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। शमार स्प्रिंगर (11 गेंद में नाबाद 35, चार छक्के, दो चौके) ने अंत में तूफानी पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

अभिषेक ने इशान किशन (37 रन, 18 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़कर भारत को ठोस मंच प्रदान किया लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और उम्मीद के मुताबिक रन नहीं जुटा सकी। वेस्टइंडीज की तरफ से ऑफ स्पिनर रोस्टन चेस सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए। तेज गेंदबाज शमार स्प्रिंगर और शमार जोसेफ ने भी दो-दो विकेट चटकाए लेकिन क्रमश: 50 और 54 रन लुटाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे वेस्टइंडीज ने दूसरे ओवर में ही बेहतरीन फॉर्म में चल रहे कप्तान शाई होप (05) का विकेट गंवा दिया जिन्हें अर्शदीप सिंह ने बोल्ड किया। हेटमायर पांच रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब मयंक यादव की गेंद पर अभिषेक ने स्लिप में उनका आसान कैच टपका दिया जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने अर्शदीप की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे। वेस्टइंडीज ने पावर प्ले में एक विकेट पर 54 रन बनाए।

हेटमायर (43) ने नमन धीर का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया लेकिन इस ऑफ स्पिनर ने अगली गेंद पर उन्हें बोल्ड कर दिया। खराब फॉर्म में चल रहे रोवमैन पावेल (05) भी इसके बाद अक्षर पटेल की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में किशन को आसान कैच दे बैठे। पूरन ने 11वें ओवर में नमन पर तीन छक्कों के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया लेकिन अंतिम गेंद पर एक बार फिर गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाने की कोशिश में बाउंड्री पर अर्शदीप को कैच दे बैठै।

शेरफेन रदरफोर्ड (32) और क्वेंटिन सैम्पसन ने 15वें ओवर में मयंक यादव पर छक्के जड़कर टीम का स्कोर चार विकेट पर 149 रन तक पहुंचाया। वेस्टइंडीज को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 75 रन की दरकार थी। नितीश कुमार रेड्डी ने सैम्पसन (21) को लॉन्ग ऑफ पर कैच कराके वेस्टइंडीज को पांचवा झटका दिया जबकि अर्शदीप ने कीमो पॉल (10) और रदरफोर्ड (32) को पवेलियन भेजकर भारत का पलड़ा भारी किया।

वेस्टइंडीज को अंतिम दो ओवर में 48 रन की जरूरत थी और प्रिंस ने अगले ओवर में 11 रन देकर भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। अक्षर के अंतिम ओवर में स्प्रिंगर ने तीन छक्के और एक चौका मारा लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाए। होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और जोसेफ ने दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन (03) को पूरन के हाथों कैच करा दिया।

अभिषेक ने तीसरे ओवर में चेस की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा। उन्होंने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर भी छक्का जड़ा। किशन ने भी कीमो पॉल के पहले ओवर में तीन चौकों के साथ अपने तेवर दिखाए जबकि अभिषेक ने स्प्रिंगर की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा।

अभिषेक ने जोसेफ के ओवर में दो चौकों और एक छक्के के साथ सिर्फ 18 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 87 रन तक पहुंचाया। भारत के रनों का शतक आठवें ओवर में पूरा किया। इशान ने अगले ओवर में चेस पर छक्का जड़ा लेकिन उनकी अगली गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में होप के हाथों स्टंप हो गए।

चेस ने इसी ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर (01) को पगबाधा करके भारत को दोहरा झटका दिया। अभिषेक भी इसके बाद स्प्रिंगर की गेंद को हवा में लहराकर उन्हीं को वापस कैच दे बैठे जिससे भारत का स्कोर एक विकेट पर 115 रन से चार विकेट पर 124 हो गया। नमन धीर (10) ने गुडाकेश मोती पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को लॉन्ग ऑफ पर स्प्रिंगर के हाथों में खेल गए।

तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने 13वें ओवर में जोसेफ पर दो-दो चौके मारे। नितीश (21) हालांकि पॉल की लेग साइड से बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में विकेटकीपर होप को कैच दे बैठे। तिलक इसके बाद गैरजरूरी तरीके से रन आउट हो गए।

अक्षर ने मोती की गेंद को बाउंड्री की तरफ खेला लेकिन पूरन ने शानदार बचाव किया। तिलक को लगा कि चौका लग गया है और उन्होंने क्रीज पर वापस पहुंचने की कोशिश भी नहीं की और रन आउट हो गए। अक्षर पटेल (20) भी इसके बाद रन आउट हुए जबकि जोसेफ ने पारी की अंतिम गेंद पर मयंक यादव को बोल्ड करके भारतीय पारी को समेटा।

प्रमुख खबरें

Shiv Sena UBT नेता प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड के दो आरोपी Prayagraj से ठाणे लाए गए

संगठन की मजबूती के दम पर तय हो सीटों का बंटवारा: Anupriya Patel

Siliguri में हिंदू दुकानों से Biryani और पूजा सामग्री खरीदने की अपील वाले पोस्टरों पर विवाद

शारदीय Navratri के पहले दिन Vindhyachal Dham में उमड़े तीन लाख भक्त