भारत में Samsung के AI Home Appliances 3 साल में 9 गुना बढ़े, 7.32 लाख हुआ आंकड़ा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 20, 2026

 भारत सैमसंग के कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित घरेलू उपकरण के लिए सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक बनकर उभरा है। कंपनी के अनुसार, देश में नए कनेक्ट होने वाले सैमसंग उपकरणों की संख्या पिछले तीन साल में करीब नौ गुना बढ़ी है। इस वृद्धि में युवा उपभोक्ताओं की प्रमुख भूमिका है। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स की उपाध्यक्ष और एक्सपीरियंस प्लानिंग तथा सीएक्स इनसाइट ग्रुप (डिजिटल अप्लायंसेज कारोबार) की प्रमुख बोना ली ने बताया कि भारत में नए कनेक्ट होने वाले सैमसंग उपकरण की संख्या 2022 के 82,000 से बढ़कर पिछले साल 7.32 लाख हो गई।

 ली ने कहा कि सैमसंग एआई की सुविधाओं को केवल प्रीमियम उत्पादों तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इन्हें मध्यम और शुरुआती श्रेणी के उपकरण में भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक उपभोक्ता एआई उपकरण और एआई होम के व्यावहारिक लाभ का अनुभव कर सकें। सैमसंग ने इस साल जनवरी में वर्ष के अंत तक 80 करोड़ उपकरण में एआई सुविधाएं उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की थी। यह संख्या पिछले साल के 40 करोड़ उपकरण से दोगुनी है। 

दक्षिण कोरियाई कंपनी के लिए महत्वपूर्ण बाजार होने के कारण भारत में कनेक्टेड और एआई आधारित उपकरण बाजार की तेज वृद्धि इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद कर सकती है। पश्चिम एशिया में संघर्ष समेत मौजूदा भू-राजनीतिक और व्यापक आर्थिक चुनौतियों के उपभोक्ता धारणा पर संभावित असर के बारे में पूछे जाने पर ली ने कहा कि सैमसंग ने अबतक वैश्विक स्तर पर वृद्धि के रुझान में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं देखा है। 

उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत समेत दुनिया के विभिन्न बाजारों में एआई आधारित घरेलू उपकरण की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देख रहे हैं। हमारा मानना है कि एआई होम के लिए भी काफी संभावनाएं हैं।’’ उन्होंने कहा कि कंपनी बाजार की परिस्थितियों पर नजर रखेगी और उसी के अनुसार कदम उठाएगी।

प्रमुख खबरें

गुजरात के Wadia गांव में बच्चियों को देह व्यापार से बचाने के लिए कम उम्र में सगाई की प्रथा

Ganesh Utsav में मूर्ति न होने पर सुपारी की स्थापना क्यों, बप्पा से जुड़ा है यह विधान

Asian Games में Elavenil Valarivan का कमाल, भारत को निशानेबाजी में मिले 2 रजत पदक

वाराणसी में 30 लाख के इनामी नक्सली Brijesh Ganjhu ढेर, जानें कैसे हुआ एनकाउंटर?