By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 08, 2026
रांची, आठ अक्टूबर संजू सैमसन को छोड़कर भारत के सभी बल्लेबाज फॉर्म में हैं और इसलिए टीम प्रबंधन शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ को यहां होने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने के लिए भेज सकता है। भारतीय टीम यहां जीत हासिल करने पर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना लेगी, लेकिन उसके लिए सैमसन का खराब प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है। सैमसन पिछली चार पारियों में केवल 29 रन बना पाए हैं जिनमें उनका उच्चतम स्कोर 11 है।
ऐसे में सूर्यवंशी को एक और मौका मिल सकता है जिन्होंने अब तक मिले अवसरों पर यह साबित कर दिया कि वह खेल के छोटे प्रारूप के लिए उपयुक्त बल्लेबाज हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के पास कई तरह के शॉट हैं और वह अपने आक्रामक अंदाज से विपक्षी टीम को शुरू में ही दबाव में ला सकते हैं। भारतीय टीम प्रबंधन ने हालांकि इस 15 वर्षीय बल्लेबाज को मौका देने के बजाय अब तक अभिषेक और सैमसन की स्थापित सलामी जोड़ी का ही समर्थन किया है।
जापान में एशियाई खेलों में सूर्यवंशी और अभिषेक ने ही पारी का आगाज किया था और सैमसन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। इस तरह से टीम प्रबंधन ने सैमसन के प्रति अपना समर्थन जारी रखा लेकिन यह विकेटकीपर बल्लेबाज अभी तक उम्मीद पर खरा नहीं उतर पाया है। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही पांच मैचों की श्रृंखला सैमसन के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है क्योंकि वह विश्व कप में दिखाए गए अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर लंबे समय तक अपनी जगह बरकरार नहीं रख सकते हैं।
लेकिन सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा के बावजूद यह भी जान लिया है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट एक अलग ही चीज है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत की 0-3 से हार में उन्होंने 14, 13 और 15 रन बनाए। एशियाई खेलों में बिहार के इस बल्लेबाज ने 18 और 35 रन बनाए।
एक युवा खिलाड़ी के लिए यह स्कोर खराब नहीं हैं लेकिन इनसे यह तथ्य भी साबित होता है कि केवल प्रचार के कारण उन्हें शीर्ष स्तर के क्रिकेट में जल्दबाजी में शामिल नहीं किया जा सकता है। इसलिए टीम प्रबंधन सूर्यवंशी को एक और मौका देने से पहले सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करेगा। भारत अपनी तेज गेंदबाजी संयोजन में भी बदलाव पर विचार करेगा।
लखनऊ में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के पहले ओवर में ही मयंक यादव ने 16 रन लुटा दिए थे। वह बीच के ओवरों और अंतिम ओवरों में भी महंगे साबित हुए। भारत ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल करने और उन्हें नई गेंद से गेंदबाजी करवाने के बारे में सोच सकता है, हालांकि वनडे सीरीज के दौरान यह प्रयोग खास सफल नहीं रहा था।
स्पिन विभाग की बात करें तो कुलदीप यादव के साथ अक्षर पटेल के जुड़ने से टीम को मजबूती मिली है। इन दोनों ने पहले मैच में दो-दो विकेट लिए थे। इसके अलावा युवा ऑलराउंडर नमन धीर का प्रदर्शन भी भारत के लिए सकारात्मक पहलू है जिन्होंने अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से 31 रन देकर तीन विकेट लिए थे।
वेस्टइंडीज को अगर जीत हासिल करनी है तो उसके बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाना होगा क्योंकि भारत ने पिछले मैच में उसके 171 रन के स्कोर को बौना साबित कर दिया था। वेस्टइंडीज के पास टी20 के माहिर खिलाड़ियों की कमी नहीं है जिनमें कप्तान शाई होप, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, रोस्टन चेज और रोमारियो शेफर्ड शामिल हैं। बल्लेबाजी निश्चित रूप से वेस्टइंडीज का मजबूत पक्ष है और उसके बल्लेबाजों को कम से कम 220 रन का स्कोर बनाना होगा।
गेंदबाजी में उसकी टीम बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन से अच्छा प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। टीम इस प्रकार हैं: भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, ईशान किशन, नमन धीर, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, मयंक यादव। वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज़, मैथ्यू फोर्डे, शिमरोन हेटमायर, अकील हुसैन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोटी, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड, शमर स्प्रिंगर।
मैच शाम सात बजे शुरू होगा।