कीवियों के खिलाफ भारतीयों ने लगाई जीत की हैट्रिक, 10 साल बाद सीरीज अपने नाम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 28, 2019

माउंट माउंगानुइ। गेंदबाजों के बाद अपने शीर्षक्रम के बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर लगातार तीसरा एक दिवसीय क्रिकेट मैच जीतकर पांच मैचों की श्रृंखला में 3-0 से अजेय बढत बना ली और विश्व कप से पहले अपने प्रतिद्वंद्वियों के लिये खतरे की घंटी भी बजा दी। आस्ट्रेलिया दौरे पर ऐतिहासिक जीत के बाद कप्तान विराट कोहली की टीम ने न्यूजीलैंड में भी पिछले दस साल में पहली जीत दर्ज की। इससे पहले भारत ने 2009 से अब तक यहां एकमात्र वनडे श्रृंखला खेली थी जिसमें पराजय झेलनी पड़ी।

इसे भी पढ़ें : अंबाती रायडू पर ICC का प्रतिबंध, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं कर सकेंगे गेंदबाजी

पिच धीमी होने के कारण दोनों को स्ट्रोक्स खेलने में उतनी आसानी नहीं हो रही थी लेकिन ढीली गेंदों को उन्होंने नसीहतें दी। भारत ने पहला विकेट शिखर धवन के रूप में गंवाया जो 28 रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट की गेंद में स्लिप में कैच देकर लौटे। इसके बाद रोहित और कोहली ने शतकीय साझेदारी की। अपना 39वां अर्धशतक जमाने वाले रोहित को सेंटनेर ने स्टम्प आउट किया। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाये। वहीं वनडे में 49वां अर्धशतक लगाने वाले कोहली ने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा।वह बोल्ट की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर में हेनरी निकोल्स को कैच देकर लौटे। इसके बाद दिनेश कार्तिक ने 38 गेंद में 38 और अंबाती रायुडू ने 42 गेंद में 40 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिये 77 रन की नाबाद साझेदारी की।

इससे पहले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज धीमी पिच पर भारतीय आक्रमण का सामना नहीं कर सके। रोस टेलर (106 गेंद में 93 रन) और टाम लाथम (64 गेंद में 51 रन) के बीच चौथे विकेट के लिये 119 रन की साझेदारी को छोड़कर कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। भारत के लिये मोहम्मद शमी ने नौ ओवरों में 41 रन देकर तीन विकेट लिये जो विश्व कप के लिये तीसरे तेज गेंदबाज की जगह लगभग पक्की कर चुके हैं। उन्होंने कोलिन मुनरो (सात) को स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों लपकवाकर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया। मार्टिन गुप्टिल को भुवनेश्वर कुमार ने विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों लपकवाया। महेंद्र सिंह धोनी को मांसपेशी में चोट लगी होने के कारण कार्तिक उनकी जगह खेल रहे हैं।

इसे भी पढ़ें : दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को हराकर सीरीज अपने नाम करेगी भारतीय महिला टीम

केन विलियमसन (28) अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। युजवेंद्र चहल की गेंद पर मिडविकेट में पंड्या ने उनका कैच लपका। चहल ने नौ ओवर में 51 रन देकर दो विकेट लिये। पंड्या ने निचले क्रम में हेनरी निकोल्स और मिशेल सेंटनेर को लगातार दो ओवरों में आउट किया। उसने पहले स्पैल में पांच ओवर में सिर्फ नौ रन दिये थे। 

प्रमुख खबरें

Tata Sons ने Noel Tata को दिया जवाब, N Chandrasekaran की दोबारा नियुक्ति को सही बताया

Asian Games में Baranica Elangovan ने पोल वॉल्ट में कांस्य जीत रचा इतिहास

चंडीगढ़ में हेड कॉन्स्टेबल नितिन सिंह की हत्या, 18 वर्षीय बेटे अरमान को पुलिस ने पकड़ा

Khalid Jamil की Team India का Panama के खिलाफ Bengaluru में पहला Football मुकाबला