तोक्यो में होगी India-Japan 2+2 वार्ता, Rajnath Singh और Jaishankar करेंगे रक्षा साझेदारी की समीक्षा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

भारत और जापान इस हफ्ते तोक्यो में अपने विदेश और रक्षा मंत्रियों की (2+2) चौथी वार्ता आयोजित करेंगे, जिसमें दोनों पक्ष द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं का जायजा लेंगे तथा एक मुक्त एवं नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्यु मोटेगी के साथ 2+2 मंत्रिस्तरीय बातचीत की सह-अध्यक्षता करेंगे।

उन्होंने कहा, “बातचीत में द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं का जायजा लिया जाएगा, क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा और एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी तथा नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया जाएगा।” एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजनाथ 18-19 नवंबर को जापान की अपनी यात्रा के दौरान कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और यह इस साल दोनों मंत्रियों के बीच तीसरी बैठक होगी। राजनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं कल 18 नवंबर को भारत-जापान 2+2 विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय वार्ता के लिए तोक्यो में रहूंगा। मैं अपने जापानी समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करूंगा।” उन्होंने लिखा कि भारत और जापान के बीच एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी है, जो “आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और एक स्वतंत्र, खुले तथा नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण” पर टिकी है।

राजनाथ ने कहा, “इस यात्रा के दौरान हम रक्षा और सुरक्षा सहयोग में लगातार जारी प्रगति की समीक्षा करेंगे और प्रौद्योगिकी, समुद्री सुरक्षा तथा क्षेत्रीय स्थिरता जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने के नये रास्ते तलाशेंगे। मुझे उम्मीद है कि हमारे बीच सार्थक बातचीत होगी, जिससे दोनों देशों की गहरी दोस्ती को और मजबूती मिलेगी।” रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत और जापान के बीच एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और समान रणनीतिक हितों पर आधारित है। उसने कहा कि आगामी यात्रा का मकसद द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच बेहतर अभियानगत एवं औद्योगिक तालमेल के लिए रूपरेखा तैयार करना है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “अगस्त में नयी दिल्ली में हुई बातचीत और अक्टूबर में फिलिपीन के सेबू में आयोजित ‘आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस’ के दौरान हुई चर्चाओं से बनी सकारात्मक गति को आगे बढ़ाते हुए, दोनों मंत्री (राजनाथ और कोइजुमी) रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त अभ्यास के दायरे एवं जटिलता को बढ़ाने तथा औद्योगिक साझेदारियों को और गहरा करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।”

प्रमुख खबरें

Vadodara में Yusuf Pathan को जमीन देने पर Congress ने BJP सरकार को घेरा

कम Monsoon और त्योहारों के असर से Tractor Sales 16 फीसदी घटी, मांग कमजोर

Mathura में CM Yogi Adityanath ने गोपाष्टमी पर की गोसेवा, 12 यूनिट डायलिसिस केंद्र का किया शुभारंभ

Land Rover Defender 110 हुई मेड इन इंडिया, जानें कीमत, फीचर्स और कब से शुरू होगी डिलीवरी