राहुल गांधी के नेतृत्व में 1000 किमी का सफर भारत जोड़ो यात्रा ने किया पूरा, बेल्लोरी में होनी है जनसभा

By रितिका कमठान | Oct 15, 2022

बेल्लारी। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 38वें दिन में पहुंच गई है और एक हजार किलोमीटर का पड़ाव पूरा कर चुकी है। इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को कर्नाटक के बेल्लारी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे मल्लिकार्जुन खड़गे रैली का हिस्सा होंगे। शुक्रवार को हल कुंडी मठ में रात्रि विश्राम के बाद गांधी ने शनिवार को जिला मुख्यालय शहर बेल्लारी के कम्मा भवन पहुंचने के लिए फिर से पदयात्रा शुरू की। 

बेल्लारी के नगर निगम मैदान में उनकी जनसभा होगी। जनसभा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा सिद्धारमैया, कमलनाथ, रणदीप सिंह सुरजेवाला और दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बता दें कि अबतक इस यात्रा में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हो चुके है, जिसमें सोनिया गांधी ने मैसूर में यात्रा की थी। इसके अलावा शशि थरूर भी यात्रा का हिस्सा बन चुके है।

बेल्लारी में होगा शक्ति प्रदर्शन

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव को लगभग छह महीने का समय बचा होने के मद्देनजर कांग्रेस इस यात्रा से राज्य में बड़ी उम्मीद लगाए हुए है। बेल्लारी में गांधी की जनसभा को पार्टी के व्यापक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। बेल्लारी कांग्रेस का गढ़ रहा है। 15 अक्टूबर को होने वाली इस रैली के दौरान राहुल गांधी शाम चार बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

बेल्लारी में कांग्रेस के दिग्गज नेता सिद्धारमैया ने 2010 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासन के तहत रेड्डी बंधुओं द्वारा कथित अवैध खनन के खिलाफ 320 किलोमीटर लंबी ‘पदयात्रा’ की थी। जी जनार्दन रेड्डी, करुणाकर रेड्डी और सोमशेखर रेड्डी के खिलाफ यह पदयात्रा निकाली गई थी। 

चार राज्यों से गुजर चुकी है यात्रा

‘भारत जोड़ो यात्रा’ का नेतृत्व करते हुए गांधी अब तक चार राज्यों-तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से गुजर चुके हैं। शनिवार सुबह बेल्लारी में राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग कतारों में खड़े थे। इस दौरान उनका कारवां ढोल-नगाड़ों और नारों की गूंज के बीच आगे बढ़ा। यात्रा मार्ग पोस्टर, बैनर और कांग्रेस पार्टी के झंडों से पटा हुआ था। इस दौरान कई लोग गांधी से हाथ मिलाते, उनके गले लगते और उनसे बातचीत करते नजर आए। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने 30 सितंबर को कर्नाटक में प्रवेश किया था। भारत जोड़ो यात्रा के जरिए राहुल गांधी सहित पार्टी के अन्य नेताओं को कुल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करनी है।

प्रमुख खबरें

Haryana Cabinet का बड़ा फैसला: पूर्व Agniveer को Group C भर्ती परीक्षाओं से मिली पूरी छूट

Himachal Cabinet ने सरकारी विभागों में 12 हजार पदों पर भर्ती को दी हरी झंडी

Khyber Pakhtunkhwa में आपातकाल लगाने पर विचार, Shehbaz Sharif और राष्ट्रपति जरदारी ने की समीक्षा

Mumbai में बिना अनुमति प्रदर्शन पर Tushar Gandhi और Imran Khan समेत 400 हिरासत में