विश्व व्यवस्था में बदलाव के बीच भारत के पास स्वयं को मजबूत करने के अलावा कोई विकल्प नहीं: राजनाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 22, 2022

नयी दिल्ली| रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत के पास अपनी रक्षा, शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए स्वयं को मजबूत बनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है, क्योंकि विश्व व्यवस्था तेजी से बदल रही है।

डेफकनेक्ट 2.0 रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्ट-अप, बड़ी कंपनियों और सशस्त्र बलों के कर्मियों को एकसाथ लाने के लिए एक दिवसीय कार्यक्रम है।

सिंह ने कहा, ‘‘जब हम एयरो इंडिया 2021 (21 फरवरी) में मिले थे, तब से अब तक दुनिया इतनी बदल गई है कि इसका हिसाब या आकलन नहीं किया जा सकता है। हर नया खतरा पिछले की तुलना में अधिक जटिल और चुनौतीपूर्ण लग रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम कोविड-19 के चलते उत्पन्न संकट से पूरी तरह उबर भी नहीं पाए थे कि दुनिया अब यूक्रेन के संघर्ष के मुद्दे का सामना कर रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘समय के साथ जिस तरह से विश्व व्यवस्था बदल रही है, हमारे पास खुद को मजबूत बनाने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।’’ मंत्री ने कहा कि इससे पहले भी, दुनिया ने पश्चिम एशिया, अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अस्थिरता देखी है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, दुनिया में बहुत सी चीजें हो रही हैं जो निश्चित रूप से भारत को प्रभावित कर रही हैं। इसलिए, यह महत्वपूर्ण है कि हम अपनी रक्षा, शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए मजबूत बनें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें खुद को मजबूत करने के लिए अपने कई क्षेत्रों को विकसित करने की जरूरत है। इस संबंध में ‘डिसरप्टिव टेक्नोलॉजी’ एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है।’’ सिंह ने रक्षा प्रौद्योगिकी मामले की उपयोगिता और विशिष्टता को समान रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘‘रक्षा तकनीक हमारे लिए कितनी उपयोगी है, यह निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है, लेकिन यह भी जरूरी है कि रक्षा तकनीक हमारे पास ही हो।’’

डेफकनेक्ट 2.0 नवोन्मेषकों को अपनी क्षमताओं, उत्पादों और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन उद्योगपतियों के समक्ष करने का अवसर प्रदान करता है। स्टार्ट-अप के लिये यह अवसर होता है कि वे निवेश हासिल करने के लिए इसका इस्तेमाल करें।

प्रमुख खबरें

Accenture Salary Hike में बड़ा बदलाव, अब 50% Base Salary और 50% Lump Sum Payment के रूप में मिलेगा लाभ

Bangladesh की साख दांव पर, Zimbabwe के खिलाफ Series जीतने के लिए निर्णायक T20 में झोंकनी होगी पूरी ताकत

Rohit Sharma की फॉर्म पर Morne Morkel का बड़ा बयान, लॉर्ड्स में निर्णायक मुकाबले के लिए बताया जीत का प्लान

Lords ODI में Rohit Sharma की फॉर्म और कप्तानी का टेस्ट, Series जीतने के लिए England से बड़ी टक्कर