Pakistan के विदेश मंत्री से दो बार Jaishankar ने की मुलाकात, दोनों देशों के बीच Cricket संबंध फिर शुरू करने पर बनी बात!

By नीरज कुमार दुबे | Oct 17, 2024

विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके पाकिस्तानी समकक्ष इशाक डार के बीच मंगलवार शाम से दो मौकों पर अनौपचारिक बातचीत हुई और उनमें से एक में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों को बेहतर बनाने के तरीकों पर चर्चा हुई। राजनयिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह बातचीत शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सम्मेलन के इतर हुई, लेकिन दोनों देशों के ठंडे पड़े द्विपक्षीय संबंधों में किसी तरह की नरमी आने का कोई संकेत नहीं मिला। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने कहा कि जयशंकर की इस्लामाबाद यात्रा से रिश्तों पर जमी बर्फ पिघली है। सूत्रों ने बताया कि बुधवार शाम पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा एससीओ प्रतिनिधियों के लिए अपने आवास पर आयोजित रात्रिभोज में जयशंकर और डार के बीच एक अलग बैठक हुई।

उन्होंने बताया कि इस बैठक में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी भी शामिल हुए और संक्षिप्त बातचीत में क्रिकेट संबंधों में सुधार पर चर्चा की गई। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष भी हैं। पता चला है कि पाकिस्तानी पक्ष ने अगले साल फरवरी में पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत की भागीदारी का अनुरोध किया। सूत्रों ने बताया कि बुधवार को एससीओ सम्मेलन के बाद आधिकारिक भोज में जयशंकर और डार एक-दूसरे के बगल में बैठे थे और बातचीत करते हुए देखे गए, जो सकारात्मक संकेत प्रतीत होता है। उन्होंने इस बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया। एक सूत्र ने बताया कि जयशंकर और डार के साथ बैठने की व्यवस्था की गई थी।

मीडिया में तरार को उद्धृत करते हुए कहा गया, ‘‘न तो हमने और न ही उन्होंने द्विपक्षीय बैठक के लिए अनुरोध किया...लेकिन मेरा मानना है कि उनका (जयशंकर का) यहां आना रिश्तों में जमी बर्फ पिघलने वाला कदम है।’’ पाकिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जयशंकर की पाकिस्तान यात्रा को लेकर कुल मिलाकर सकारात्मक माहौल बना। सम्मेलन से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ ने जयशंकर से हाथ मिलाया और शिखर सम्मेलन स्थल ‘जिन्ना कन्वेंशन सेंटर’ में उनका और एससीओ के अन्य सदस्य देशों के नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। शरीफ और जयशंकर ने कल रात्रिभोज के दौरान भी हाथ मिलाया और संक्षिप्त बातचीत की।

इस्लामाबाद से रवाना होने से पहले जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री शरीफ और पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार को धन्यवाद दिया। उन्होंने एससीओ के शासन प्रमुखों की परिषद की बैठक को भी ‘सार्थक’ बताया। जयशंकर ने कहा, ‘‘इस्लामाबाद से प्रस्थान कर रहा हूं। आतिथ्य-सत्कार के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री इशाक डार और पाकिस्तान सरकार को धन्यवाद।’’ दो अधिकारियों ने ‘एक्स’ पर विदेश मंत्री जयशंकर की पोस्ट का हवाला देते हुए कहा कि उनकी यात्रा अच्छी रही और इससे एक अच्छा माहौल बना। जयशंकर एससीओ बैठक में भाग लेने के लिए मंगलवार को इस्लामाबाद पहुंचे। वह करीब एक दशक में पाकिस्तान की यात्रा करने वाले पहले भारतीय विदेश मंत्री हैं।

कश्मीर मुद्दे और पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को प्रश्रय देने को लेकर दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं। पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में फरवरी 2019 में भारत के युद्धक विमानों द्वारा पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर पर बमबारी के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध गंभीर तनाव पैदा हो गया। पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा में एससीओ देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए मई 2023 में भारत आए थे। यह लगभग 12 वर्षों में पाकिस्तानी विदेश मंत्री की पहली भारत यात्रा थी।

प्रमुख खबरें

Tamil Nadu में दिवाली पर पटाखों से 269 लोग झुलसे, एक बच्चे की मौत

Hardik Pandya ने Chhoti Diwali पर Mahika Sharma और बेटे के साथ साझा कीं तस्वीरें

Israel: राष्ट्रपति हर्जोग ने Gadi Eisenkot को दिया सरकार बनाने का न्योता

Cheteshwar Pujara का बड़ा दावा, IPL 2027 से पहले KKR कई खिलाड़ी करेगी बाहर और RCB रहेगी स्थिर