By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 05, 2019
अस्ताना (कजाखस्तान) भारत की शीर्ष एकल खिलाड़ी अंकिता रैना और करमन कौर थांडी बुधवार को यहां शुरू हो रहे फेड कप टेनिस टूर्नामेंट विश्व ग्रुप दो में क्वालीफाई के लिये भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी। भारत पूल ए में है जिसमें थाईलैंड के रूप में उसे आसान चुनौती मिली है। असल चुनौती मेजबान कजाखस्तान है जिसके बाद शीर्ष 100 में शामिल दो एकल खिलाड़ी है। कजाखस्तान की यूलिया पुतिनसेवा विश्व रैंकिंग में 43वें स्थान पर है जबकि जरीना दियास 96वें स्थान पर है। पूल ए और बी की विजेता टीम आपस में खेलेंगी जिससे तय होगा कि विश्व कप दो में किसे जगह मिलेगी।
पूल बी में चीन है जिसके पास दुनिया की 40वें नंबर की खिलाड़ी शुआई झांग और 42वीं रैंकिंग वाली सेइसेइ झेंग है। इसके अलावा कोरिया, इंडोनेशिया और प्रशांत ओशियाना भी इस ग्रुप में है। पूल बी से चीन का शीर्ष पर रहना लगभग तय है जबकि पूल ए में भारत और कजाखस्तान में से कोई पहुंचेगा। पिछले साल दिल्ली में अंकिता ने पुतिनसेवा को हराया था लेकिन इस बार कजाख खिलाड़ी अपने देश में खेल रही है।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला से ही चेतेश्वर पुजारा पर थी नजरें: सरवटे
भारतीय टीम कजाखस्तान को हरा देती है तो प्रमोशन प्लेआफ में चुनौती और कठिन हो जायेगी। कप्तान विशाल उप्पल ने कहा, ‘‘हम एक समय पर एक मैच के बारे में सोच रहे हैं। हमारी पहली चुनौती थाईलैंड को हराना है। कजाखस्तान की टीम मजबूत है लेकिन हमारे खिलाड़ी उलटफेर करने को बेताब हैं।’’