Hockey India ने घोषित की सब-जूनियर टीमें: Sardar Singh ने बताया Muscat में जीत का मास्टर प्लान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 14, 2026

 हॉकी इंडिया ने मस्कट में 20 से 25 जुलाई तक होने वाली पहली युवा हॉकी फाइव्स एशियाई चैंपियनशिप के लिए मंगलवार को भारतीय सब जूनियर पुरुष और महिला टीम की घोषणा की। यह चैंपियनशिप इसलिए भी खास है क्योंकि यह पहली एफआईएच अंडर-18 युवा हॉकी फाइव्स विश्व कप के लिए आधिकारिक एशियाई क्वालीफायर है। इस टूर्नामेंट में एशिया के उभरते हुए बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें दोनों वर्ग में सात-सात टीम मुकाबला करेंगी। पुरुषों के वर्ग में मेजबान ओमान, भारत, पाकिस्तान, ईरान, इराक, सऊदी अरब और बांग्लादेश की टीम चुनौती पेश करेंगी।

पुरुष टीम में सावन कुमार और आयुष रजक गोलकीपर हैं जबकि करण गौतम और आशीष तानी पूर्ति दो डिफेंडर हैं। मिडफील्ड में राहुल यादव और रोमित पाल हैं जबकि अग्रिम पंक्ति में कप्तान केतन कुशवाहा, प्रहलाद राजभर, अर्शदीप सिंह और शाहरुख अली शामिल हैं। सब जूनियर महिला टीम की कोच रानी ने कहा, ‘‘हमने कौशल, गति और जज्बे के अच्छे मिश्रण वाली एक संतुलित टीम चुनी है। खिलाड़ियों ने तैयारी शिविर के दौरान बहुत मेहनत की है और अपने खेल के हर पहलू को बेहतर बनाने के लिए बहुत प्रतिबद्धता दिखाई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह टूर्नामेंट हमारे युवा खिलाड़ियों के लिए एशिया की कुछ बेहतरीन टीम के खिलाफ खुद को परखने का एक शानदार मौका होगा। हमें भरोसा है कि वे इस चुनौती को स्वीकार करेंगे, निडर होकर हॉकी खेलेंगे और गर्व के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।’’ सब जूनियर पुरुष टीम के कोच सरदार सिंह ने भरोसा जताया कि टीम ओमान में अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘टीम ने ट्रेनिंग शिविर के दौरान लगातार अच्छा प्रदर्शन और कड़ी मेहनत की है। हॉकी फाइव्स एक रोमांचक प्रारूप है जिसमें तेजी, रचनात्मकता और दबाव में शांत रहने की क्षमता को अहमियत दी जाती है और खिलाड़ियों ने इसकी खास जरूरतों के हिसाब से खुद को अच्छी तरह ढाल लिया है।’’

सरदार ने कहा, ‘‘हमारा जोर एक ऐसी एकजुट टीम बनाने पर रहा है जो आत्मविश्वास के साथ हमारी योजनाओं को लागू कर सके और आक्रामक हॉकी खेल सके।’’ टीम इस प्रकार हैं: सब जूनियर महिला: गोलकीपर: खिली कुमारी, महक परिहार डिफेंडर: नीलम टोपनो, किरण एक्का मिडफील्डर: दीया, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी फारवर्ड: नौशीन नाज, संदीप कुमारी, स्वीटी कुजूर (कप्तान) सब जूनियर पुरुष: गोलकीपर: सावन कुमार, आयुष रजक डिफेंडर: करण गौतम, आशीष तानी पूर्ति मिडफील्डर: राहुल यादव, रोमित पाल फारवर्ड: केतन कुशवाहा (कप्तान), प्रहलाद राजभर, अर्शदीप सिंह, शाहरुख अली।

प्रमुख खबरें

Ayodhya Court ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 18 सितंबर तक बढ़ाई

Kishtwar नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की मौत पर बोले Sunil Sharma, न्याय की लड़ाई जारी रहेगी

Assam में प्रणब डोले पर NSA लगाने के खिलाफ Gaurav Gogoi ने खोला मोर्चा

Satwik Chirag चीन मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे, मलेशियाई जोड़ी को तीन गेम में हराया