By अभिनय आकाश | Sep 09, 2026
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय में वहां के सैन्य नेतृत्व को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और श्रीलंका के बंदरगाह "साझा आर्थिक विकास के इंजन" बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि समुद्री उद्योग दोनों देशों और पूरे क्षेत्र की भविष्य की समृद्धि के लिए मुख्य चालक (ड्राइवर) के रूप में उभरेंगे। अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान 'हिंद महासागर क्षेत्र में भारत-श्रीलंका समुद्री सहयोग' पर बोलते हुए, सिंह ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों का भविष्य इस आधार पर तय होना चाहिए कि "निकटता से आपसी निर्भरता पैदा होती है", जिससे दोनों समुद्री पड़ोसियों के बीच "साझा विकास के लिए अपार अवसर" खुलते हैं। दोनों देशों के बीच मछुआरों के लंबे समय से चले आ रहे विवाद पर बात करते हुए, सिंह ने कहा कि उन्हें दोनों तरफ के मछुआरों को पेश आ रही चुनौतियों की जानकारी है। उन्होंने संबंधित कानूनों और भौगोलिक अधिकार-क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए, मछली पकड़ने से जुड़े विवादों को "आपसी फायदे वाले तरीके" से सुलझाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
सिंह ने अवैध मछली पकड़ने, नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य तस्करी को रोकने के लिए दोनों नौसेनाओं और कोस्ट गार्ड के बीच एक संयुक्त, रियल-टाइम मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस सिस्टम का प्रस्ताव रखा। साथ ही, उन्होंने मछली पालन, समुद्री बायोटेक्नोलॉजी, महासागर विज्ञान और समुद्री पर्यटन को शामिल करते हुए एक संस्थागत आर्थिक ढांचे और आपदा के समय मदद के लिए एक संयुक्त HADR तंत्र बनाने का सुझाव दिया।