FIH Pro League: आखिरी मिनट में चूकी भारतीय Hockey टीम, Shootout में Spain से मिली हार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 24, 2026

 भारत का एफआईएच पुरुष प्रो लीग में निराशाजनक प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा जब यहां स्पेन के खिलाफ निर्धारित समय में 1-1 से ड्रॉ के बाद शूटआउट में उसे 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। मनिंदर सिंह के गोल से 59वें मिनट तक 1-0 की बढ़त बनाए रखने के बावजूद भारत ने अंतिम लम्हों में स्पेन को बराबरी का मौका दिया जब ब्रूनो फॉन्ट ने गोल दागकर मैच को शूटआउट में खींच दिया। स्पेन ने मैच में जोरदार शुरुआत की।

टीम ने चौथे मिनट में ही अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन ड्रैग फ्लिक को भारतीय गोलकीपर मोहित ने आसानी से बचा लिया। स्पेन को लगा कि उन्होंने आठवें मिनट में बढ़त बना ली है लेकिन जोस बास्टेरा के गोल को अस्वीकार कर दिया गया। दबाव से उबरते हुए भारत ने 14वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन अमित रोहिदास की ड्रैग फ्लिक को स्पेन के गोलकीपर लुई कैलजाडो ने नाकाम कर दिया। भारत को सफलता 19वें मिनट में मिली। कप्तान हार्दिक सिंह ने स्पेन के एक खिलाड़ी को पछाड़ते हुए गेंद मनिंदर की ओर बढ़ाई जिन्होंने इसे गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

 संजय को मिला हारा कार्ड

स्पेन ने पलटवार करते हुए पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन पेपे क्यूनिल के शॉट को सूरज करकेरा ने बचा लिया। मध्यांतर तक भारतीय टीम 1-0 से आगे थी। तीसरे क्वार्टर में स्पेन ने दबाव बनाया और उन्हें लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन दोनों को मोहित ने बचा लिया। तीसरे क्वार्टर के अंत में फोर्टुनो को हरा कार्ड दिखाया गया जिससे मैदान पर स्पेन के 10 खिलाड़ी रह गए। भारत ने 44वें मिनट में इसका फायदा उठाकर बढ़त बना ही ली थी लेकिन कैलजाडो ने पेनल्टी कॉर्नर पर जुगराज सिंह के शॉट को शानदार तरीके से रोक दिया। अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में ही संजय को भी हरा कार्ड मिलने से भारत के भी 10 खिलाड़ी रह गए। स्पेन ने जल्द ही पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन करकेरा एक बार फिर डटे रहे। भारत को भी 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन रोहिदास का निशाना चूक गया जबकि कुछ मिनट बाद राजिंदर सिंह की ड्रैग फ्लिक भी लक्ष्य से दूर रही।

 लगातार कोशिशों के बीच 59वें मिनट में रक्षात्मक चूक से भारत ने फॉन्ट को गोल करके स्पेन को बराबरी दिलाने का मौका दे दिया। स्पेन को अंतिम 13 सेकेंड में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन टीम गोल नहीं कर सकी जिससे मुकाबला निर्धारित समय में 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ। शूटआउट में अभिषेक और हार्दिक सिंह गोल करने से चूक गए जिससे भारत को 3-4 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

भारत को इस मुकाबले से सिर्फ एक अंक मिला। भारत का अगला मुकाबला बुधवार को होबार्ट चरण के चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया से होगा। भारत यहां पहले चरण में स्पेन से 0-2 से हार गया था जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ के बाद शूटआउट में 4-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी। भारत इस समय सात मैच में केवल दो अंक के साथ नौ टीम की प्रतियोगिता में आठवें स्थान पर है।

प्रमुख खबरें

राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर पर लगा लाखों का जुर्माना, नहीं होगी कोई कानूनी कार्रवाई

Nikah के लिए अपनाया था इस्लाम, Chahatt Khanna ने धर्म परिवर्तन के Controversy पर तोड़ी चुप्पी

India MEA Briefing: Israel-Lebanon Ceasefire, PoK, Hormuz, Nirav Modi और US-Iran पर भारत ने दिया बड़ा बयान

Delhi Weather Update: तपती गर्मी से मिली राहत, तेज हवाओं संग बारिश, IMD ने जारी किया Yellow Alert