By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 21, 2026
नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन के तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में चार भारतीय नाविकों की जान जाने पर गहरा दुख और कड़ा विरोध व्यक्त किया है। इस मामले में मंगलवार को भारत ने रूसी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने रूसी राजनयिक से स्पष्ट कहा कि मालवाहक जहाजों पर इस तरह के हमले अस्वीकार्य हैं, जिनमें निर्दोष भारतीय नागरिकों की जान गई है।
इस दुखद घटना में चार भारतीयों की मृत्यु हो गई है, जबकि एक अन्य भारतीय नाविक गंभीर रूप से घायल है और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने भी इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि रूस ने यूक्रेन के समुद्री गलियारे से गुजर रहे एक असैन्य जहाज पर हमला किया, जिसके चालक दल में भारत और सीरिया के नागरिक शामिल थे।
भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोहराया है कि वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाना और निर्दोष चालक दल के सदस्यों के जीवन को खतरे में डालना निंदनीय है और इससे बचा जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी और व्यापार की स्वतंत्रता में किसी भी तरह की बाधा पहुंचाना गलत है।
यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने की कोशिश कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने मृतक भारतीय नागरिकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और घायल नाविक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।