India T20 Squad Announcement | सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर, श्रेयस अय्यर बने नए T20I कप्तान, वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका

By रेनू तिवारी | Jun 06, 2026

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड और आयरलैंड के आगामी दौरों के लिए भारतीय T20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) टीम का ऐलान कर दिया है, जिसने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने बड़े और कड़े फैसले लेते हुए एक नए युग की शुरुआत का संकेत दिया है। स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को भारतीय T20I टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार यादव (SKY) को न सिर्फ कप्तानी से हाथ धोना पड़ा है, बल्कि उन्हें टी20 सेटअप से पूरी तरह बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। इस स्क्वाड की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का चयन है, जिन्हें पहली बार सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और देवजीत सैकिया ने मीडिया के सामने आकर इन फैसलों के पीछे की रणनीति साफ की। सूर्यकुमार यादव को अचानक हटाए जाने और श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपने पर अगरकर ने कहा:

"अगर श्रेयस की बात करें, तो पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न आईपीएल फ्रेंचाइजी की कप्तानी करते हुए उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को खिताब भी जिताया है और उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन भी लाजवाब रहा है। वे टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनने के बेहद करीब थे और हमारी नजर में कप्तानी के लिए वे 'बेहतरीन उम्मीदवार' हैं।"

सूर्या को हटाने पर बोले अगरकर: "स्काई (SKY) को लेकर फैसला लेना हमारे लिए काफी मुश्किल था। लेकिन उनकी हालिया फॉर्म और अगले दो साल के टी20 चक्र (Future T20 Cycle) को ध्यान में रखते हुए, चयन समिति को लगा कि आगे बढ़ने का यही सबसे सही तरीका है। श्रेयस इस जिम्मेदारी के हकदार हैं।" इस नए सेटअप में श्रेयस अय्यर के साथ युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को टीम का उप-कप्तान (डिप्टी) बनाया गया है।

एशियाई खेलों के लिए भी मजबूत टीम, बुमराह की एंट्री

बीसीसीआई ने इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के साथ-साथ आगामी एशियाई खेलों (Asian Games) के लिए भी एक बेहद मजबूत भारतीय टीम की घोषणा की है। इस महाद्वीप टूर्नामेंट के लिए भी श्रेयस अय्यर ही टीम की कप्तानी संभालेंगे। सबसे दिलचस्प बात यह है कि एशियाई खेलों के स्क्वाड में भारत के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी शामिल किया गया है, जो विरोधी टीमों के लिए बड़ा खतरा साबित होंगे।

पहली बार सीनियर टीम में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री

बिहार के युवा खब्बू बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए यह दौरा किसी सपने के सच होने जैसा है। घरेलू क्रिकेट और अंडर-19 में अपनी धाक जमाने वाले वैभव को पहली बार सीनियर भारतीय टीम के मुख्य स्क्वाड में जगह मिली है। वे इंग्लैंड और आयरलैंड की तेज और उछाल भरी पिचों पर भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करते नजर आ सकते हैं।


स्ट्राइक-रेट 163, रन 732; फिर भी शुभमन गिल की अनदेखी पर उठे सवाल

इस चयन में जहां श्रेयस और वैभव को लेकर चर्चाएं गर्म हैं, वहीं आईपीएल 2026 में रनों का अंबार लगाने वाले शुभमन गिल की अनदेखी ने सबको हैरान कर दिया है। गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल ने आईपीएल 2026 में 163.03 के तूफानी स्ट्राइक-रेट से 732 रन कूटे थे। इसके बावजूद, चयनकर्ताओं ने पूर्व टी20 उप-कप्तान गिल के नाम पर कोई चर्चा नहीं की। क्रिकेट गलियारों में अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या गिल के लिए भारत के टी20I सेटअप में वापसी के सारे रास्ते बंद हो चुके हैं?

For the latest scores, match updates, and in-depth coverage, explore Live Cricket Updates in Hindi on Prabhasakshi  

प्रमुख खबरें

Kirit Somaiya मुंबई एयरपोर्ट के पास मस्जिद हटाने की मांग पर निकालेंगे हथौड़ा रैली

Ayodhya Deepotsav 2024: सरयू के 56 घाटों पर 30 लाख दीये जलाने का लक्ष्य तय

PM Modi और Donald Tusk की बैठक, 2030 तक व्यापार दोगुना करने पर बनी सहमति

Pushkar Singh Dhami ने Rekha Arya विवाद पर कहा शादी के 22 साल बाद आरोप क्यों निष्पक्ष जांच जरूरी