Piyush Goyal बोले- America के साथ Trade Agreement जल्द, रुकावटों पर बन रही बात

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 27, 2026

 वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है और समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तथा रूपरेखा अब आकार ले रही है। गोयल ने इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संबोधित करते हुए कहा, अमेरिका के साथ व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है। वह प्रक्रिया और मार्ग, जिसकी वजह से समझौते को अंतिम रूप देने में हमेशा रुकावट आती थी, उसमें अब कुछ बात बन रही है। उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की ताजा रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया गया है। 

इस रिपोर्ट में यह प्रावधान भी रखा गया है कि यदि दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमत हो जाते हैं, तो इस शुल्क को 17 प्रतिशत तक सीमित कर दिया जाएगा, जिससे भारत को एशियाई प्रतिस्पर्धियों पर मामूली बढ़त मिलेगी। मंत्री पहले भी कई मौकों पर कह चुके हैं कि समझौते को अंतिम रूप दिया जा चुका है और अमेरिकी शुल्क ढांचा तैयार होते ही तथा भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में तुलनात्मक लाभ मिलते ही इस पर हस्ताक्षर कर दिए जाएंगे। तुलनात्मक लाभ का अर्थ बांग्लादेश, वियतनाम, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, थाइलैंड और चीन जैसे प्रतिस्पर्धी विनिर्माता देशों की तुलना में कम अमेरिकी आयात शुल्क और बेहतर बाजार पहुंच हासिल करना है। 

व्यापार विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई कि यूएसटीआर की धारा 301 से जुड़ी इस रिपोर्ट से आने वाले हफ्तों में समझौते पर ठोस बातचीत को गति मिल सकती है। मंत्री ने यह भी कहा कि भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है और यह अगले साल मार्च या अप्रैल तक प्रभावी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद देश का वस्तु एवं सेवा निर्यात चालू वित्त वर्ष के लिए एक लाख करोड़ डॉलर के लक्ष्य को हासिल करने की राह पर है। 

उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि आज हम जिस तरह की दुनिया में रह रहे हैं, उसकी भविष्यवाणी कोई भी कर सकता था, शायद बाबा बागेश्वर भी नहीं। दो युद्ध, एक बार फिर तेल की कीमतों का झटका, शुल्क को लेकर विभिन्न अनिश्चितताएं, वैश्विक व्यापार के अवसरों से जुड़ी अनिश्चितता, माल ढुलाई के समुद्री मार्गों का एक दिन बंद होना और दूसरे दिन खुलना, हवाई अड्डों पर छिटपुट हमलों से हवाई यात्रा का प्रभावित होना। 

गोयल ने कहा कि यह पूरी तरह से अस्थिर स्थिति रही है, लेकिन दुनिया भर में इन तमाम अनिश्चितताओं के बावजूद, मुझे लगता है कि जो एक चीज स्थिर रही, वह है भारत की वृद्धि गाथा पर दुनिया का भरोसा। हम उस भरोसे पर खरे उतरे। हमने पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। उन्होंने कहा कि अनिश्चितता के बीच भारत मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दे रहा है और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली को और अधिक सरल बनाने के लिए इसमें सुधार कर रहा है।

प्रमुख खबरें

Akhilesh Yadav के PDA घोषणापत्र पर OP Rajbhar का हमला, बताया राजनीतिक चाल

Parliament Special Session: Lok Sabha और Rajya Sabha के चार दिवसीय सत्र में आएंगे अहम बिल

Budget से पहले CREDAI की मांग, Affordable Housing की सीमा बढ़ाकर 90 लाख करे सरकार

Christchurch Test के Day 1 पर Akash Deep बोले, गेंदबाजी में और बेहतर कर सकती थी Team India