G20 Summit तक द्विपक्षीय व्यापार समझौते का पहला चरण पूरा कर सकते हैं भारत और US: Nisha Biswal

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 13 नवंबर अमेरिका की एक पूर्व वरिष्ठ राजनयिक ने कहा कि अमेरिका और भारत अगले महीने फ्लोरिडा में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन तक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने के इच्छुक हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत के बाद भारत और अमेरिका ने इस साल फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए एक रूपरेखा को अंतिम रूप दिया था। हालांकि, अमेरिका की शुल्क व्यवस्था में बदलाव के कारण बातचीत फिर शुरू हुई, जो अब तक पूरी नहीं हुई है।

दक्षिण और मध्य एशिया मामलों की पूर्व सहायक विदेश मंत्री निशा बिस्वाल ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘पूरी उम्मीद है कि दोनों पक्ष पहले चरण के समझौते को पूरा करना चाहते हैं। संभवत: यह जी20 शिखर सम्मेलन तक हो जाएगा।’’ जी20 में प्रमुख औद्योगिक और विकासशील अर्थव्यवस्थाएं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक साथ आती हैं। बारी-बारी से मिलने वाली अध्यक्षता के तहत यह समूह पूरे साल मंत्रिस्तरीय बैठकें आयोजित करता है, जिनका समापन वार्षिक ‘लीडर्स समिट’ (नेताओं का शिखर सम्मेलन) के साथ होता है।

इस बार ट्रंप 14 और 15 दिसंबर को अमेरिका के फ्लोरिडा में होने वाले शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। बिस्वाल ने जारी व्यापार वार्ता को ‘‘जटिल’’ करार दिया और कहा कि वार्ताकारों को कुछ मुद्दों पर सहमति बनाने की जरूरत है। इनमें कपड़ा जैसे क्षेत्रों में अपने प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में भारत को प्रतिस्पर्धात्मक लाभ देने की नयी दिल्ली की मांग भी शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन के लिए यह एक चुनौती होगी कि वे इस मांग को कैसे पूरा करें जबकि उन्हें उन नियमों और साधनों के दायरे में भी रहना है जिनका वे उपयोग कर रहे हैं।’’ बिस्वाल ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और भारत दोनों ही अमेरिका-भारत गलियारे के महत्व को समझते हैं और उन्हें यह भी पता है कि व्यापार वार्ताकार किसी ठोस नतीजे तक पहुंचने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ये दोनों ही बेहद जटिल अर्थव्यवस्थाएं हैं। इसलिए, यह समझना जरूरी है कि यह कोई बहुत आसान या सामान्य समझौता नहीं है; हम वास्तव में कई पेचीदा मुद्दों को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ बिस्वाल ने कहा कि वर्ष 2025 में शुरू हुए राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों में उतार-चढ़ाव रहा है।

उन्होंने बताया कि इस साल फरवरी में जब मोदी और ट्रंप ने व्यापार समझौते के पहले चरण के ढांचे की घोषणा की और बातचीत ने जोर पकड़ना शुरू किया तो दोनों देशों के बीच संबंध स्थिर हो गए। बिस्वाल ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि 2026 में संबंधों में एक तरह की स्थिरता आई, क्योंकि व्यापार वार्ता गंभीरता से आगे बढ़ी, खासकर तब जब भारत ने कुछ बहुत समझदारी भरे कदम उठाए।’’ पूर्व राजनयिक ने कहा कि पिछले साल तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक से इतर प्रधानमंत्री मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात पर अमेरिका ने भी संज्ञान लिया था।

प्रमुख खबरें

Kolkata Sairang Express हादसा: मुख्य Brake System बंद होने से डिगारू में पटरी से उतरी ट्रेन

बेंगलुरु को बड़ी सौगात: PM मोदी आज करेंगे Namma Metro Pink Line और वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन, जानें15,600 करोड़ की परियोजनाओं का विवरण

Total Chess: अर्जुन एरिगैसी ने बिबिसारा के खिलाफ दूसरा मुकाबला जीतकर की वापसी

सोनम वांगचुक का आरोप, लद्दाख में धरने से पहले घर में किया गया नजरबंद