शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान को हराया

By अंकित सिंह | Jun 22, 2019

साउथम्पटन। इस विश्व कप की पहली हैट्रिक लगाने वाले मोहम्मद शमी की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने अफगानिस्तान को 11 रन से हराकर सेमीफाइनल की ओर कदम रख दिये लेकिन रसूखदार प्रतिद्वंद्वी के सामने जबर्दस्त जुझारूपन दिखाने वाली अफगान टीम ने हारकर भी अपने प्रदर्शन से दिल जीत लिया। अफगानिस्तान ने पहले बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सितारा बल्लेबाजों से सजी दो बार की चैम्पियन भारतीय टीम को आठ विकेट पर 224 रन पर रोक दिया। इसके बाद इस विश्व कप का सबसे बड़ा उलटफेर करने की ओर बढ रही थी कि शमी और जसप्रीत बुमराह ने उसका यह सपना तोड़ डाला। आखरी गेंद बाकी रहते भारत ने अफगानिस्तान को 213 रन पर रोक दिया। पहले गेंदबाजी में 33 रन देकर दो विकेट लेने वाले मोहम्मद नबी ने 55 गेंद में 52 रन बनाये। अफगानिस्तान को आखिरी दो ओवर में 21 रन चाहिये थे और नबी क्रीज पर थे। बुमराह ने 49वें ओवर में सिर्फ पांच रन दिये। इसके बाद शमी के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर नबी ने चौका जड़ डाला। अगली गेंद पर कोई रन नहीं लिया और तीसरी गेंद पर हार्दिक पंड्या को कैच दे बैठे।

महेंद्र सिंह धोनी (52 गेंद में 28 रन) और केदार जाधव (68 गेंद में 52 रन) रनगति नहीं बढा सके। दोनों ने बीच के 14 ओवरों में सिर्फ 57 रन बनाये। धोनी स्ट्राइक रोटेट करने में नाकाम रहे और बल्लेबाजों के बीच अच्छा तालमेल भी नहीं दिखा । एक बार तो इसकी वजह से जाधव रन आउट होने से बाल बाल बचे। धोनी को रशीद ने आउट किया जो आगे बढकर खेलने के प्रयास में स्टम्पिंग का शिकार हो गए। हार्दिक पंड्या ने आते ही आक्रामक तेवर दिखाने शुरू किये लेकिन टिक नहीं सके। उन्हें तेज गेंदबाज आफताब आलम ने पवेलियन भेजा। कप्तान गुलबदन नाईब ने 52 रन देकर दो विकेट लिये। उन्होंने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर जाधव को आउट किया। इस मैच से पहले भारत ने तीन मैचों में 14 विकेट गंवाये थे और स्पिनर के सामने कोई बल्लेबाज आउट नहीं हुआ था। शानदार फार्म में चल रहे रोहित शर्मा को मुजीब ने दूसरा पर फंसाया। वहीं केएल राहुल 30 रन बनाने के बावजूद सहज नहीं लगे । उन्हें किंग्स इलेवन पंजाब के उनके साथी खिलाड़ी मुजीब ने आउट किया । रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में वह शार्ट थर्डमैन पर हजरतुल्लाह जजाई को कैच दे बैठे। कोहली अकेले ऐसे भारतीय बल्लेबाज थे जो सहज दिखे । उन्होंने रशीद को उम्दा कवर ड्राइव लगाया। विजय शंकर ने 41 गेंद में 29 रन बनाये और कोहली के साथ 58 रन जोड़े। उन्हें रहमत शाह ने पगबाधा आउट किया। 

प्रमुख खबरें

IRFC में सरकार के Offer For Sale से मचा हड़कंप, Infosys की AI डील ने निवेशकों को बनाया मालामाल।

White House में India के Tariff पर मचा था बवाल, Donald Trump ने अधिकारियों को सरेआम किया खारिज

America से तनाव के बीच Kim Jong Un का बड़ा दांव, North Korea अब समुद्र में बढ़ाएगा परमाणु ताकत

France में Heatwave का जानलेवा कहर, 40 लोगों की मौत, Eiffel Tower भी समय से पहले बंद