इतिहास रचने उतरेगा भारत, चोटिल अश्विन और इशांत बाहर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 02, 2019

सिडनी। इतिहास रचने की कवायद में जुटी भारतीय टीम को अंतिम लम्हों में चोटों के कारण झटका लगा लेकिन इसके बावजूद विराट कोहली की टीम गुरुवार से आस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां शुरू हो रहे चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। भारत चार मैचों की श्रृंखला में 2-1 से आगे चल रहा है और टीम के शीर्ष स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और सीनियर तेज गेंदबाज इशांत शर्मा के चोटिल होने के बावजूद मेहमान टीम को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में जीत के साथ श्रृंखला 3-1 से अपने नाम करने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इशांत को भारत की अंतिम 13 सदस्यीय टीम में भी जगह नहीं मिली है। आस्ट्रेलिया 1947-48 से भारत की मेजबानी कर रहा है। टीम इंडिया ने इस दौरान 1980-81, 1985-86 और 2003-04 में श्रृंखला ड्रा कराई जबकि 1967-68, 1977-78, 1991-92, 1999-2000, 2007-08, 2011-12 और 2014-15 में उसे हार का सामना करना पड़ा। विराट कोहली भारत के एकमात्र कप्तान हैं जो आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर अंतिम टेस्ट के लिए उतरते हुए श्रृंखला में बढ़त बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें: टिम पेन के बच्चों के साथ मस्ती करते नजर आएं ऋषभ पंत

आधिकारिक घोषणा के बावजूद कोहली ने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर वह काफी महत्वपूर्ण है। टेस्ट क्रिकेट में वह टीम का महत्वपूर्ण सदस्य है और हम चाहते हैं कि वह लंबे समय तक शत प्रतिशत फिट रहे जिससे कि टेस्ट प्रारूप में वापसी कर सके। वह काफी निराश है कि समय पर नहीं उबर पाया।’’ भारत ने इस बीच यूटर्न लेते हुए कोहली की मैच पूर्व प्रेस कांफ्रेंस से पहले अश्विन के बाहर होने के बावजूद इस आफ स्पिनर को चौथे टेस्ट के लिए 13 सदस्यीय टीम में शामिल किया है। उनकी फिटनेस और मैच के लिए उपलब्धता पर अंतिम फैसला टास के समय किया जाएगा। भारत ने बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को भी कवर के तौर पर टीम में जगह दी है। तेज गेंदबाजों में उमेश यादव को जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के साथ टीम में जगह दी गई है। रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में खराब फार्म से जूझ रहे सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल की टीम में वापसी हो सकती है। वह मेलबर्न में तीसरे टेस्ट में नहीं खेले थे जिसमें हनुमा विहारी ने पारी का आगाज किया था। विहारी को ऐसे में अपने छठे नंबर पर खेलने का मौका मिल सकता है। वह इसके अलावा अतिरिक्त स्पिनर की भूमिका भी निभा सकते हैं। मैच से पूर्व नेट पर गेंद और बल्ले से जमकर पसीना बहाने के बावजूद आलराउंडर हार्दिक पंड्या को मौका मिलने की संभावना नहीं है। 


यह भी पढ़ें: गावस्कर नहीं जाएंगे आस्ट्रेलिया, कहा- पुरस्कार वितरण समारोह के लिये नहीं मिला न्यौता

भारत ने 13 सदस्यों की घोषणा करके आस्ट्रेलिया के लिए भ्रम की स्थिति बनाई है और मेजबान टीम ने परंपरा से हटते हुए श्रृंखला में पहली बार मैच से पहले अपनी अंतिम एकादश की घोषणा नहीं की।।कप्तान टिम पेन ने कहा कि वे टीम की घोषणा करने के लिए टास का इंतजार करेंगे। मेजबान टीम देखना चाहती है कि भारत दो विशेषज्ञ स्पिनरों के साथ उतरता है या नहीं।।भारत को श्रृंखला जीतने के लिए सिडनी में अंतिम टेस्ट को कम से कम ड्रा कराना होगा। यहां हार के बावजूद भारत बोर्डर-गावस्कर ट्राफी को बरकार रखेगा और कोहली गांगुली के अलावा आस्ट्रेलिया में यह उपलब्धि हासिल करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय कप्तान बनेंगे। सिडनी में जीत से कोहली विदेशों में जीत के मामले में गांगुली के रिकार्ड को तोड़ देंगे। गांगुली की अगुआई में भारत ने विदेश में 28 टेस्ट में 11 जीत दर्ज की हैं। कोहली ने 24 टेस्ट में इसकी बराबरी की। आस्ट्रेलियाई टीम में मिशेल मार्श की जगह पीटर हैंड्सकोंब की टीम में वापसी हो सकती है। मार्श की मेलबर्न में खराब शाट चयन के लिए आलोचना हुई थी। सलामी बल्लेबाज आरोन फिंच और लेग स्पिन आलराउंडर मार्नस लाबुशेन में से किसी एक को खेलने का मौका मिलेगा। अगर फिंच बाहर होते हैं तो उस्मान ख्वाजा पारी का आगाज मार्कस हैरिस के साथ करेंगे और लाबुशेन को मध्क्रम में जगह मिलेगी। अब देखना यह होगा कि इससे आस्ट्रेलिया के बल्लेबाजी क्रम की मुश्किलें हल होती हैं या नहीं। मौजूदा टेस्ट श्रृंखला में अब तक आस्ट्रेलिया का कोई बल्लेबाज शतक नहीं जड़ पाया है।

टीमें इस प्रकार हैं:

भारत (अंतिम 13): विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन में से।

आस्ट्रेलिया: टिम पेन, मार्कस हैरिस, आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, शान मार्श, मिशेल मार्श, नाथन लियोन, मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मार्नस लाबुशेन, पीटर हैंड्सकोंब और पीटर सिडल में से।

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal